Independence Day 2023: स्वतंत्रता दिवस 2023 समारोह से पहले राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई है. लाल किला से लेकर राजघाट के अलावा राजधानी के चप्पे-चप्पे पर दिल्ली पुलिस की कड़ी सुरक्षा व्यवस्था है. पुलिस ने सख्त सुरक्षा व्यवस्था के साथ-साथ गश्त और वाहनों की जांच भी तेज कर दी है.
उधर, लाल किले पर विभिन्न सशस्त्र बलों की फुल ड्रेस रिहर्सल भी चल रही है. भारत की आजादी के 75 साल पूरे होने के मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को भारत के लोगों से इस साल 13 से 15 अगस्त तक 'हर घर तिरंगा' आंदोलन में भाग लेने का अनुरोध किया. पीएम मोदी ने कहा कि भारतीय ध्वज स्वतंत्रता और राष्ट्रीय एकता की भावना का प्रतीक है. इस दौरान उन्होंने लोगों से 'हर घर तिरंगा' वेबसाइट पर तिरंगे के साथ अपनी तस्वीर अपलोड करने का आग्रह किया.
कार्यक्रम में 1700 खास मेहमान शामिल होंगे-
इस बार 15 अगस्त के दिन लाल किले पर आयोजित कार्यक्रम में 1700 खास मेहमान हिस्सा लेंगे. एक आधिकारिक घोषणा के अनुसार, पीएम मोदी का संबोधन सुनने के लिए आमंत्रित 1,700 विशेष मेहमानों में जल जीवन मिशन, पीएम किसान सम्मान निधि योजना, अमृत सरोवर योजना और सेंट्रल विस्टा प्रोजेक्ट जैसे विभिन्न प्रमुख कार्यक्रमों से जुड़े लोग शामिल हैं.
महाराष्ट्र के 'प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना' के दो लाभार्थी लाल किले पर स्वतंत्रता दिवस समारोह के गवाह बनेंगे. वहीं, योजना के 50 लाभार्थी भी अपने परिवार के साथ 1,700 खास मेहमान के बीच शामिल रहेंगे. जिन्हें पीएम मोदी का संबोधन सुनने के लिए आमंत्रित किया गया है.