भोपाल : राज्य का स्वास्थ्य विभाग कायाकल्प योजना के तहत प्रदेशभर के जिला, सिविल, सामुदायिक एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों की वर्षाकाल के तुरन्त बाद रंगाई-पुताई करेगा। इस संबंध में सभी सीएमएचओ को जारी निर्देश में कहा गया है कि सामान्य मरम्मत राशि रूपये 5 लाख से कम भवन प्रभारी के खातों में राज्य शासन से हस्तांतरित की जानी है। मुख्यमंत्री शीघ्र ही सम्पूर्ण कायाकल्प अभियान का शुभारंभ करेंगे और उसी दिन राशि संस्था प्रभारियों के खाते में हस्तांतरित कर दी जायेगी। इसके लिये पर्यवेक्षण समिति का गठन शीघ्र कर लें।

पर्यवेक्षण समिति में 3 मे 5 सदस्यों को सम्मिलित किया जाए। इनमें सदस्यों के रूप में 2 शासकीय चिकित्सकों, स्थानीय एनजीओ के प्रतिनिधि, सक्रिय समाजसेवीजन इत्यादि को सम्मिलित किया जा सकता है। पर्यवेक्षण समिति में 1 सदस्य के रूप में स्थानीय जनप्रतिनिधि को अनिवार्यत: सम्मिलित किया जाये। कार्यादेश जारी करने की अंतिम तिथि 31 अगस्त, 2022 निर्धारित की जा रही है। कार्यादेशों में उल्लेखित कार्य को पूर्ण करने की अधिकतम समय-सीमा 45 दिन रखी जाये, जिससे सभी कार्य 15 अक्टूबर, 2022 तक पूरे किये जा सके। भवनों की बाहरी पुताई का कार्य वर्षा समाप्त होने के बाद ही किये जायें।