भोपाल। प्रदेश के सभी कृषि उपज मंडियों के सचिवों को अब रोजाना सभी प्रकार की आवकें एवं मंडी शुल्क की जानकारी ई-मंडी पोर्टल पर दर्ज करनी होगी। इसके लिये राज्य मंडी बोर्ड मुख्यालय ने हिदायत जारी कर दी है।
हिदायत में कहा गया है कि प्रदेश की मण्डी समितियों में समर्थन मूल्य पर उपार्जित मात्रा एवं व्यापारी द्वारा क्रय मात्रा तथा उस पर प्राप्त मण्डी शुल्क की जानकारी ई-(मण्डी) अनुज्ञा पोर्टल पर दर्ज किये जाने हेतु मण्डी सचिव के लॉगिन पर स्क्रीन उपलब्ध कराई गई है। मण्डी सचिव लॉगिन की प्रविष्टि स्क्रीन के बिन्दु क्रमांक 6 का चयन कर सभी मण्डी समितियां अपनी मण्डी की माहवार समर्थन मूल्य पर उपार्जित मात्रा एवं व्यापारी द्वारा क्रय मात्रा एवं उस पर प्राप्त मण्डी फीस की माह अप्रैल 2021 से जनवरी 2022 तक की अवधि की माहवार (अप्रैल, मई, जून ....जनवरी) जानकारियां पृथक-पृथक रुप से दर्ज कर पूर्ण करेंगी व सत्यापित करेंगी। यह कार्य तत्परता से पूर्ण किया जाये।
हिदायत में यह भी कहा गया है कि मण्डी सचिव लॉगिन की प्रविष्टि स्क्रीन के बिन्दु क्रमांक 7 का चयन कर सभी मण्डी समितियां अपनी मण्डी की माह फरवरी 2022 से दिनांकवार (माह फरवरी 1, 2, 3, 4......10) समर्थन मूल्य पर उपार्जित मात्रा एवं व्यापारी द्वारा क्रय मात्रा एवं उस पर प्राप्त मण्डी फीस की जानकारी दर्ज करेंगी अर्थात चालू दिवस की जानकारी ठीक अगले कार्य दिवस में (दिनांक 1/2/2022 की जानकारी 2/2/2022 को) दैनिक रुप से दर्ज कर सत्यापित की जावेगी एवं यह प्रक्रिया निरंतर दौहराई जायेगी। यह ध्यान रहे कि उपरोक्त जानकारी के सत्यापन उपरांत अब मण्डी स्तर से सुधार यथा संशोधन की कोई कार्यवाही नहीं की जा सकेगी।
हिदायत में कहा गया है कि उपरोक्त कार्यवाही पूर्ण होने के उपरांत यह जानकारी अंचल कार्यालय के लॉगिन आईडी पर प्रदर्शित होगी, अंचल कार्यालय द्वारा इसकी जांच, मिलान, सुधार, संशोधन उपरांत सत्यापन किया जावेगा तत्पश्चात यह जानकारी अंतिम रुप से मण्डी बोर्ड मुख्यालय भोपाल की लॉगिन आईडी पर प्रदर्शित होने लगेगी।
बोर्ड द्वारा निर्देशित किया गया है कि अंचल की समस्त मण्डी समितियों से उपरोक्तानुसार माहवार एवं दैनिक जानकारी नियमित रुप से प्रति कार्य दिवस ई-अनुज्ञा पोर्टल पर दर्ज की जाये। मण्डी स्तर पर कार्य संचालन में सुविधा की दृष्टि से इस प्रक्रिया का यूजर मेनुअल ई-अनुज्ञा पोर्टल पर उपलब्ध करा दिया गया है।