रिलायंस इंडस्ट्री की नजर देश के हर उस सेक्टर पर है,जहां खूब खरीदार हैं। खासतौर पर रिटेल कारोबार से जुड़ी चीजों पर। अब रिलायंस की रिटेल यूनिट अपनी दुकानों पर देश के अलग अलग हिस्सों की मशहूर मिठाइयां बेचेंगी। कंपनी ने 50 से अधिक प्रसिद्ध हलवाइयों की मिठाइयां को अपनी शॉप पर बेचने का निर्णय लिया है। कंपनी की योजना चॉकलेट की तरह लड्डू के छोटे पैकेट बनाकर बेचने की भी है।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक अब देश के प्रसिद्ध और पारंपरिक मिठाइयों को हलवाइयों के साथ मिलकर ग्राहकों तक पहुंचाया जाएगा। इसके तहत रिलायंस रिटेल स्टोर पर मशहूर मिठाइयों में कलेवा का तिल-बेसन लड्डू, घसीटाराम का मुंबई हलवा, प्रभु जी का दरबेश लड्डू और मेथी दाना लड्डू, दूध मिष्ठान भंडार का मालपुआ और धारवाड़ पेडा उपलब्ध है। कंपनी की कोशिश अलग अलग इलाके की मिठाइयों को पूरे देश में पहुंचाने की है। कुल मिलाकर रिलायंस रिटेल के स्टोर पर 50 से अधिक प्रसिद्ध हलवाइयों की मिठाइयां मिलेगी।
हलवाइयों के साथ मिलकर काम
रिलायंस के सीईओ रिटेल, दामोदर मल्ल के मुताबिक कंपनी चाहती है कि पारंपरिक मिठाइयां किसी एक खास इलाके भर में सिमट कर न रहे। उन्होने कहा कि जैसे पश्चिम बंगाल और ओडिशा के रसगुल्ले की पहुंच अब तमिलनाडु के ग्राहकों तक भी होगी। देशभर में ग्राहकों को ताजा मिठाइयां मिल सके, इसके लिए हम पारंपरिक हलवाइयों के साथ मिलकर काम कर रहे है। रिलायंस रिटेल मिठाई बना रहे यूनिट को सिंगल पैक डेवलप करने में भी मदद कर रहा है। मतलब ये कि अगर कोई ग्राहक चाहे, तो डार्क चॉकलेट की जगह देसी मैसूर पाक या लड्डू का छोटा पैकेट भी खरीद सकता है।
4500 करोड़ का बाजार
इंडस्ट्री के अनुमान के अनुसार, फिलहाल भारतीय ट्रेडिशनल डिब्बाबंद मिठाइयों का मार्केट लगभग 4,500 करोड़ रुपये का है अनुमान लगाया जा रहा है कि ये अगले पांच साल में सालाना 19 फीसदी की बढोतरी के साथ 13 हजार करोड़ रुपये के स्तर तक पहुंच सकता है। मुकेश अंबानी के नेतृत्व वाली रिलायंस इंडस्ट्रीज की सहायक कंपनियां इसीलये कारोबार का विस्तार कर रही है। हाल ही में कंपनी ने रिलायंस सेंट्रो नाम से नया फैशन और लाइफस्टाइल डिपार्टमेंटल स्टोर फॉर्मेट लॉन्च किया है।