केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह शुक्रवार को सतना के मैत्री पार्क में माता शबरी जयंती पर कोल जनजाति महाकुंभ में शामिल हुए। कार्यक्रम की अध्यक्षता मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने की। इस मौके पर अमित शाह ने केंद्र की मोदी सरकार के साथ प्रदेश में शिवराज सरकार के कार्यों को जमकर सराहा।
केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि आज माता शबरी की जयंती का ऐतिहासिक दिन है। माता शबरी ने अपनी भक्ति से लोगों को युगों-युगों तक राम की भक्ति करने की प्रेरणा दी, ऐसी पवित्र भूमि को मैं प्रणाम करता हूँ। उन्होंने कहा कि मुझे यहाँ तीन बार आने का अवसर मिला। जब-जब मैं यहाँ आया, तब-तब मैं नई ऊर्जा और चेतना लेकर गया। माता शबरी समग्र विश्व का कल्याण करने वाली माँ है, आप सभी सौभाग्यशाली है जो माँ के सान्निध्य में रह रहे हैं।
केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने आगे कहा कि आज करोड़ों रुपयों के लोकार्पण और शिलान्यास शिवराज सिंह चौहान ने मेरे हाथों कराये हैं। मैं आज मन से उन्हें बधाई देना चाहता हूँ, जिन्होंने आपकी सभी जरूरतों को समझ कर कोल समाज के भाई-बहनों के लिए संकल्प लिए हैं। जब मैं जबलपुर आया था, उस दिन मुख्यमंत्री शिवराज चौहान ने जनजातीय वर्ग के लिये 14 घोषणाएँ की थी।
मुझे प्रसन्नता है कि चौहान ने अपनी सभी घोषणाओं पर अमल कर जनजातीय वर्ग के उत्थान का कार्य किया है। अमित शाह ने कहा कि केन्द्र और मध्यप्रदेश की सरकार अंत्योदय के तहत गरीब से गरीब व्यक्ति के जीवन को सँवारने का काम कर रही है।
वर्ष 1832 के कोल विद्रोह का उल्लेख करते हुए केन्द्रीय मंत्री शाह ने कहा कि मोदी सरकार देश में शहीदों के स्मारक बनाने का काम कर रही है। पिछले 5 सालों में 80 जनजातीय स्मारक बनाने के लिये 200 करोड़ रूपये खर्च किये। देश में 70 साल में जो नहीं किया गया वह प्रधानमंत्री मोदी ने कर दिखाया है। देश में यह पहली बार हुआ है कि गरीब जनजातीय समाज की बेटी श्रीमती द्रौपदी मुर्मु को राष्ट्रपति बना कर समग्र जनजातीय समाज का सम्मान किया गया है।
मुख्यमंत्री शिवराज चौहान ने 5 करोड़ रूपये खर्च कर रघुनाथ शाह और शंकर शाह का स्मारक बनाया और ढेर सारी योजनाएँ संचालित की हैं। अमित शाह ने कहा कि मुख्यमंत्री शिवराज चौहान को बधाई देते हुए कहा कि उनकी अगुवाई में प्रदेश तरक्की के नये आयाम हासिल कर रहा है। वे एक लोकप्रिय जननायक हैं।