केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह आज 22 जून को छत्तीसगढ़ के दौरे पर हैं. यहां इसी साल विधानसभा चुनाव होने हैं. ऐसे में चुनाव से पहले अमित शाह का यह दौरा काफी अहम माना जा रहा है.

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 9 साल पूरे होने पर एक महीने का देशव्यापी कार्यक्रम 'महाजनसंपर्क अभियान' चल रहा है. इसके तहत गुरुवार यानी 22 जून को अमित शाह छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले पहुंचे.

इस दौरान अमित शाह ने दुर्ग में जनसभा को संबोधित करते हुए आगामी चुनाव को लेकर कई बड़ी बाते कहीं. उन्होंने मुख्यमंत्री भूपेश बघेल पर जमकर निशाना साधा. साथ ही कांग्रेस पर भी ज़ोरदार हमला बोला हैं.

दुर्ग में अमित शाह बोले, 9 साल के अंदर मोदी जी ने ढेर सारा परिवर्तन किया है. सोनिया-मनमोहन की सरकार 10 साल चली. इन 10 वर्षों में घपले, घोटाले और भ्रष्टाचार ही हुए. कांग्रेस ने 12 लाख करोड़ रुपये का भ्रष्टाचार किया था. मोदी जी ने 9 वर्ष के शासन के दौरान इतनी पारदर्शी सरकार चलाई कि विपक्ष भी भ्रष्टाचार का आरोप नहीं लगा सकता है.

कश्मीर से हटाई गई धारा 370 पर अमित शाह बोले, राहुल गांधी कहते थे कि कश्मीर से धारा-370 मत हटाओ, वरना खून की नदियां बह जाएंगी. राहुल बाबा, कश्मीर से धारा-370 हट गई और किसी की कंकड़ तक चलाने की भी हिम्मत नहीं हुई.

अयोध्या राम मंदिर का जिक्र करते हुए अमित शाह बोले, ये (छत्तीसगढ़) भगवान श्री राम का ननिहाल है, आप मुझे बताओ कि प्रभु श्रीराम का मंदिर अयोध्या में बनना चाहिए कि नहीं? 70 वर्षों से ये कांग्रेस श्री राम मंदिर को लटका रही थी, अटका रही थी, भटका रही थी. मोदी जी ने श्री राम मंदिर का भूमि पूजन किया और जनवरी 2024 तक रामलला मंदिर में विराजमान होंगे.

छत्तीसगढ़ सीएम पर निशाना साधते हुए अमित शाह बोले, भूपेश बघेल की सरकार वादाखिलाफी करने वाली सरकार है. इन्होंने शराबबंदी की घोषणा की थी, शराब की होम डिलीवरी करने लगी. 10 लाख नौकरी देने का वादा किया, लेकिन युवाओं को नौकरी नहीं दी. बेरोजगारी भत्ता देने का वादा किया लेकिन नहीं दिया. बुजुर्ग माताओं को वृद्धा पेंशन अब समय पर नहीं पहुंच रही है. प्रदेश पर 1.5 लाख करोड़ का कर्ज भी इस सरकार ने कर दिया है.

उन्होंने आगे कहा, भूपेश बघेल की सरकार ने ढेर सारे घोटाले किए. शराब घोटाला, कोयला परिवहन घोटाला, गरीब अन्न योजना में घोटाला, पब्लिक सर्विस कमीशन का घोटाला, लाखों लोगों से नौकरी के लिए पैसे मांगे गए. साथ ही अमित शाह ने कई बार अपने संबोधन के ज़रिये जनता से पूछा की इस बार 2023 में और 2024 में किसकी सरकार बनाने वाले हों. इस पर जनता की तरफ से बीजेपी, बीजेपी और मोदी, मोदी के नारे सुनाई दिए.