मध्यप्रदेश के सतना जिले को बड़ी सौगात मिलने जा रही है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह  24 फरवरी को मेडिकल कॉलेज का लोकार्पण करेंगे। इसके अलावा वे सतना में आयोजित शबरी माता जन्म जयंती समारोह में भी शिरकत करेंगे। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान कार्यक्रम की अध्यक्षता करेंगे।

अमित शाह सबसे पहले हवाई मार्ग से मैहर पहुंचकर मां शारदा के दर्शन और पूजा करेंगे। इसके बाद दोपहर 3 बजे सतना में आयोजित शबरी माता जन्म जयंती समारोह में शिरकत करेंगे।

अमित शाह सतना जिले में लगभग 250 करोड़ रुपये की लागत से बने मेडिकल कॉलेज का लोकार्पण करेंगे। केंद्रीय गृह मंत्री के हाथों यह मेडिकल कॉलेज सतना वासियों को सौंपा जाएगा। इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, राज्य के शिक्षा मंत्री, वन मंत्री, राज्य मंत्री सहित कई दिग्गज नेता शामिल होंगे। 

मेडिकल कॉलेज के निर्माण कार्य की शुरुआत जून 2019 में की गई थी. 42 एकड़ भूमि में बने इस मेडिकल कॉलेज में प्रथम फेस में 150 एमबीबीएस छात्र-छात्राओं को एडमिशन मिलेगा. यहां प्रशासनिक बिल्डिंग, हॉस्टल और मेडिकल कॉलेज के स्टाफ की बिल्डिंग तैयार की गई है।