केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के जम्मू-कश्मीर दौरे का आज दूसरा दिन है. आज राजौरी में एक जनसभा में अमित शाह जम्मू-कश्मीर के पहाड़ी समुदाय के एक बड़े तबके को बड़ा तोहफा दे सकते हैं. कहा जा रहा है कि वह पहाड़ी समुदाय को एसटी का दर्जा देने की मांग पर बड़ा ऐलान कर सकते हैं जो कई सालों से चली आ रही है. अगर ऐसा होता है तो इस फैसले को बीजेपी के लिए मास्टर स्ट्रोक माना जा रहा है, जिससे आने वाले विधानसभा चुनाव में बीजेपी को बड़ा फायदा मिल सकता है.

ऐसा रहेगा अमित शाह का आज का शेड्यूल-

1. अमित शाह ने आज सुबह सबसे पहले त्रिकुटा पहाड़ियों पर स्थित माता वैष्णो देवी मंदिर में पूजा की, जिसके बाद अब राजौरी में आयोजित जनसभा को संबोधित करेंगे.

2. जम्मू में विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे.

3. सुबह 10 बजे माता वैष्णो देवी के मंदिर में पूजा-अर्चना की.

4. करीब 11:30 बजे के बाद राजौरी में जनसभा को संबोधित करेंगे.

5. वह शाम साढ़े चार बजे जम्मू के कन्वेंशन सेंटर में विभिन्न विकास योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे.

धारा 370 हटने के बाद तीसरी यात्रा-

अनुच्छेद 370 को हटाए जाने के बाद अमित शाह का जम्मू-कश्मीर का यह तीसरा दौरा है. यह इस साल का दूसरा दौरा है. इससे पहले 2022 में उन्होंने 18 और 19 मार्च को दौरा किया था. इससे पहले, उन्होंने 2021 में 23 से 26 अक्टूबर तक जम्मू-कश्मीर की चार दिवसीय यात्रा की थी.

अमित शाह 3 अक्टूबर को जम्मू पहुंचे तो उपराज्यपाल मनोज सिन्हा, मुख्य सचिव अरुण कुमार मेहता और शीर्ष नागरिक और पुलिस प्रशासन के अधिकारियों के साथ जितेंद्र सिंह और गृह मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारियों ने उनका स्वागत किया. एयरपोर्ट पर जम्मू-कश्मीर बीजेपी अध्यक्ष रविंदर रैना, महासचिव (संगठन) अशोक कौल, सांसद जुगल किशोर शर्मा, पूर्व उपमुख्यमंत्री के साथ-साथ भाजपा कोर ग्रुप के सदस्य निर्मल सिंह और कविंदर गुप्ता भी अमित शाह के स्वागत के लिए मौजूद थे.