Amit Shah Bhopal Visit Live Updates: केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह आज भोपाल दौरे पर हैं। सुबह साढ़े दस बजे स्टेट हैंगर पर उनका विमान पहुंचा। स्टेट हैंगर पर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के अलावा उनके कैबिनेट मंत्री नरोत्तम मिश्रा, उषा ठाकुर, विश्वास सारंग, बृजेंद्र प्रताप सिंह, कमल पटेल, सांसद प्रज्ञा सिंह ठाकुर, वित्त मंत्री जगदीश देवड़ा और मंत्री बिसाहू लाल सिंह ने शाह की आत्मीय अगवानी की।
अखिल भारतीय पुलिस विज्ञान कांग्रेस के उद्घाटन सत्र का संबोधन- लाइव अपडेट
शाह ने सबसे पहले केंद्रीय पुलिस प्रशिक्षण अकादमी (सीएपीटी) में 48वीं अखिल भारतीय पुलिस विज्ञान कांग्रेस के उद्घाटन सत्र को संबोधित किया। अपने संबोधन में शाह ने बताया कि, हम एक बहुत ही कठिन काल से गुजरे हैं, सदी की सबसे भीषण जानलेवा बीमारी का सामना देश ने किया है। दुनिया में लाखों लोग मृत्यु की शरण में गए हैं, कोरोना के समय में देशभर में लगभग 4 लाख से अधिक पुलिस कर्मी संक्रमित हुए, 27 सौ से ज्यादा की मृत्यु भी हुई। इस कालखंड के दौरान देश की पुलिस का एक अलग चेहरा देश की जनता के सामने आया। मैं देशभर के पुलिसबल को अभिनंदन देना चाहता हूं, जहां भी जाते हैं पुलिस की कार्रवाई की प्रशंसा हमेशा कम मिलती है, लेकिन अब कुछ बदलाव की जरूरत है।
टेक्नलॉजी से ही अपराधों के खिलाफ लड़ा जा सकता है-
उन्होंने कहा, मेरा बीपीआरएनडी से आग्रह है इसके कार्यक्रमों, सत्रों की रचना इस प्रकार की जाए कि समान प्रकार की चुनौतियों का सामना करने के लिए देशभर की पुलिस की एक रणनीति हो, आपके चर्चा सत्रों और निष्कर्षों में इसके लिए जगह हो..! ये बहुत जरूरी है कि पुलिस अपराधी से दो कदम आगे रहे, इसके लिए पुलिस को भी आधुनिक बनना पड़ेगा। जब तक कॉन्स्टेबल, हेड कॉन्स्टेबल तक टेक्नलॉजी के संस्कार नहीं जाते, हम नए प्रकार के अपराधों के खिलाफ नहीं लड़ सकते है।
पुलिस को करना पड़ेगा मॉर्डनाइज :
शाह बोले, पीएम मोदी ने पुलिस टेक्नलॉजी मिशन की घोषणा की है, इसके लिए कच्चा खाका बना लिया गया है। इसके माध्यम से ढेर सारी चीजें, एक समान रूप से पूरे देश की पुलिस, हर एक थाना सज्ज हो सकेगा। देशभर में एक ही प्रकार की वायरलेस, एक ही प्रकार के सीसीटीवी लगें। एक्सचेंज ऑफ इंफॉर्मेशन की सारी चीजें हों, एक्सचेंज ऑफ डेटा का अधिकार भी देश की हर पुलिस को हो। इस प्रकार की व्यवस्था हम टेक्नलॉजी मिशन के माध्यम से करना चाहते हैं। इससे देश का बहुत बड़ा फायदा होगा। आंतरिक सुरक्षा को मजबूत करना है तो पुलिस को मॉर्डनाइज करना पड़ेगा।