अपना दल के संस्थापक सोनेलाल पटेल की जयंती के मौके पर रविवार को लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में कार्यक्रम आयोजित किया गया. इस मौके पर मुख्य अतिथि के तौर पर गृह मंत्री अमित शाह ने शिरकत की. इस दौरान उन्होंने कहा कि सबसे पहले मेरी ओर से और बीजेपी कार्यकर्ताओं की ओर से डॉ. सोनेलाल पटेल को भावपूर्ण श्रद्धांजलि देकर स्मरण करता हूं. सोनेलाल जी का पूरा जीवन दलित, पिछड़े, आदिवासी और वंचित समाज के कल्याण के लिए संघर्ष करने में गया है.
शाह ने विपक्ष पर साधा निशाना-
विपक्ष पर निशाना साधते हुए अमित शाह बोले, आज सपा-बसपा की विघटनकारी शक्तियों से उत्तर प्रदेश को संपूर्ण रूप से निजात मिली है. प्रदेश की कानून व्यवस्था की परिस्थिति ठीक हुई है. यूपी में सीएम योगी के नेतृत्व में इंडस्ट्रियल इन्वेस्टमेंट आ रहा है और पीएम मोदी की भेजी हुई सभी गरीब कल्याण की योजनाओं को उत्तर प्रदेश शासन जमीन पर पहुंचा रहा है.
उन्होंने बताया कि कांग्रेस, सपा, बसपा कई बार सत्ता में रहे, लेकिन कभी भी पिछड़ा समाज को संवैधानिक मान्यता देने का काम नहीं किया. कभी भी दलित और आदिवासी आयोग की तरह पिछड़ा समाज का आयोग नहीं बनाया. पीएम मोदी ने पिछड़ा समाज के लिए आयोग बनाकर संवैधानिक मान्यता देने का काम किया.
सभी सीटों पर कमल खिलाने का काम करें- शाह
लोकसभा चुनाव 2024 का जिक्र करते हुए अमित शाह बोले, आने वाले चुनाव 2024 में भी अपना दल, भारतीय जनता पार्टी और निषाद राज पार्टी तीनों को मिलकर उत्तर प्रदेश की सभी सीटों पर कमल खिलाने का काम करना है.
उन्होंने आगे कहा, उत्तर प्रदेश सरकार ने भी आजमगढ़ में महाराज सुहेलदेव राजभर विश्वविद्यालय की स्थापना की, डॉ. सोनेलाल जी के नाम से प्रतापगढ़ में मेडिकल कॉलेज बनाया. वहीं, अब तक सबसे ज्यादा पिछड़ा समाज को नौकरी देने का काम बीजेपी और NDA सरकार ने किया है. बेटियों की शिक्षा के लिए सुकन्य समृद्धि योजना लेकर आए.
वहीं, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत 6000 रुपए प्रति वर्ष 11 करोड़ किसानों को देने का काम किया. गरीब कल्याण अन्न योजना के तहत गरीबों को मुफ्त राशन देने का काम मोदी सरकार ने किया है.