पीएम मोदी के सत्ता में 20 साल पूरा होने के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जीवन पर लिखी गई किताब "मोदी@20 ड्रीम्स मीट डिलीवरी" का विमोचन आज किया गया। इस किताब का विमोचन उपराष्ट्रपति वेंकैया नायडू ने किया, वहीं इस कार्यक्रम में अमित शाह और एस जयशंकर भी मौजूद रहें।
देखियें लाइव-
किताब के विमोचन में पहुंचे गृहमंत्री अमित शाह ने पीएम मोदी की जमकर तारीफ की। शाह ने कहा कि, मोदी के पांच दशक का सार्वजनिक जीवन, गरीबी के आंगन से उठकर देश के प्रधानमंत्री बनने तक का सफर, एक छोटे कार्यकर्ता से लेकर सभी राजनीतिक पार्टियों में सबसे लोकप्रिय नेतृत्व बनने का सफर इस पुस्तक में निहित है।
समाज के अंतिम व्यक्ति के लिए योजनाएं कैसे बनती है?
शाह बोले, नीति निर्धारण करते वक्त छोटे से छोटे व्यक्ति के लिए वो नीति हो, नीति सर्व-समावेशी हो, सर्व स्पर्शी हो, ये विचार कहां से आता है? इसका जवाब, पीएम मोदी का संगठन के काम में बीता 30 साल का समय है। मुख्यमंत्री बनने के बाद मोदी ने संवेदनशील तरीके से समाज के अंतिम व्यक्ति के लिए योजनाएं कैसे बन सकती हैं, और उन्हें लोगों तक कैसे पहुंचाया जा सकता है, उसका उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत किया।
उन्होंने कहा, पीएम मोदी की योजनाओं का अनेक प्रकार से विश्लेषण हो सकता है, लेकिन मोदी ने योजनाओं को लोक कल्याण के लिए बनाया। गुजरात के कृषि महोत्सव के मॉडल का जो अध्ययन करेगा, उसको मालूम पड़ेगा कि परिवर्तन किस प्रकार से आता है।
मोदी ने विश्व में एक बहुत बड़ा बाजार भारत के लिए खोला-
शाह बोले, भारत ने कभी भी अंतरिक्ष के लिए अपनी नीति बनाने का सोचा नहीं था। मोदी ने अंतरिक्ष की नीति बनाकर आज विश्व में एक बहुत बड़ा बाजार भारत के लिए खोला है, अंतरिक्ष क्षेत्र में भारत ग्लोबल लीडर बनने की ओर अग्रसर है। पहले की सरकार के लिए कहा जाता था कि वो पॉलिसी पैरालिसिस वाली सरकार है। लेकिन मोदी ने 8 साल में नीति कैसे निर्धारित हो सकती हैं, इसके लिए उन्होंने दुनिया के सामने अध्ययन के लिए ढेर सारी सामग्री उपलब्ध कराई है।
उन्होंने कहा, मोदी सरकार लोगों को अच्छा लगे ऐसे फैसले नहीं लेती है, बल्कि मोदी सरकार ऐसे फैसले लेती है, जो लोगों के लिए अच्छे हों। वोट के लिए वो राजनीति नहीं करते हैं। दलित, आदिवासी, गरीब और पिछड़ों के लिए अथाह प्रेम और अथाह संवेदनशीलता उनकी विशेषता है। मैंने मोदी से बड़ा श्रोता कोई नहीं देखा है। वो लोगों को सुनते भी बहुत एकाग्रता और धैर्य से हैं। वे समाज को ही अपना परिवार समझकर आगे बढ़े हैं। वो हमेशा रचनात्मक तरीके से और उच्च लक्ष्यों के लिए सोचते हैं। वो देश के लिए सबसे ज्यादा सोचते हैं।