भोपाल: राज्य सरकार ने श्रम विभाग द्वारा संचालित संबल 2.0 योजना के तहत लंबित अनुग्रह राशि के प्रकरणों में असंगठित श्रमिकों को भुगतान हेतु 175 करोड़ रुपये की राशि जारी कर दी है। इनमें अनुसूचित जाति के हितग्राहियों को 28 करोड़ रुपये, अनुसूचित जनजाति के हितग्राहियों को 40 करोड़ 25 लाख रुपये तथा अन्य पिछड़ा वर्ग के हितग्राहियों को 106 करोड़ 75 लाख रुपये असंगठित शहरी एवं ग्रामीण कर्मकार कल्याण मंडल द्वारा ऑनलाईन वितरित होंगे। 

उल्लेखनीय है कि संबल योजना के तहत मंडल में पंजीकृत श्रमिकों को संबल योजना 2.0 के तहत सामान्य मृत्यु होने पर 2 लाख रुपये, दुर्घटना में मृत्यु होने पर 4 लाख रुपये, आंशिक दिव्यांगता पर 1 लाख रुपये एवं स्थायी दिव्यांगता पर 2 लाख रुपये की अनुग्रह सहायता दी जाती है। संबल योजना में 21 हजार 763 प्रकरण 479 करोड़ 64 लाख रुपये भुगतान हेतु लंबित हैं। इनमें से अब 175 करोड़ रुपये जारी कर दिये गये हैं। यह राशि वर्ष 2025-26 के बजट के तृतीय त्रैमास की है।