भोपाल। मध्यप्रदेश के एक और आईएएस तथा राज्य प्रशासनिक सेवा की एक महिला अधिकारी का नौकरी से मन भर गया है। इन दोनों ने सरकार से वीआरएस मांगा है. आइएएस अधिकारी जगदीश चंद्र जटिया ने वीआरएस के लिए उन्होंने सामान्य प्रशासन विभाग को आवेदन दे दिया है। इधर राज्य प्रशासनिक सेवा की अधिकारी मधु नाहर ने भी स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति का आवेदन दिया है।
2009 बैच के आईएएस जगदीश चंद्र जटिया वर्तमान में श्रम विभाग के उप सचिव हैं। वे अक्टूबर 2022 में सेवानिवृत्त हो रहे हैं पर उनका मन नौकरी करने का अब जरा भी नहीं रहा है। यही कारण है कि वे अब स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति चाह रहे हैं। प्रदेश सरकार के नियमानुसार वीआरएस के लिए अधिकारियों को कम से कम तीन माह पहले आवेदन करना होता है। राज्य सरकार यदि जटिया का स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति का आवेदन मंजूर कर लेती है तो वे सितंबर में कार्यमुक्त हो जाएंगे। सूत्रों का कहना है कि आईएएस जटिया व्यक्तिगत कारणों से समयपूर्व सेवानिवृत्ति चाह रहे हैं।
प्रदेश में इससे पहले अन्य कई आईएएस भी समय पूर्व सेवानिवृत्ति ले चुके हैं. जून में ही आइएएस वरदमूर्ति मिश्रा ने इस्तीफा दिया था जिसे बाद में राज्य सरकार ने मंजूर कर लिया था. मध्यप्रदेश कैडर के आइएएस अधिकारी वरदमूर्ति मिश्रा ने स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति का आवेदन दिया था। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने उनके इस आवेदन पर अपनी सहमति दे दी थी। मिश्रा ने अपने इस्तीफे की कोई वजह भी नहीं बताई थी.
राज्य प्रशासनिक सेवा की अधिकारी मधु नाहर ने भी समयपूर्व सेवानिवृत्ति मांगी है। वे भी इसी साल यानि दिसंबर 2022 में सेवानिवृत्त हो रही हैं। अधिकारियों का कहना है कि नियमानुसार में स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति लेने का प्रावधान है। कोई अधिकारी यदि तत्काल कार्यमुक्त होना चाहता है तो उसे तीन माह का वेतन जमा कराना होता है।