अंकिता की मां का कहना है, कि अंकिता के हत्यारे मुझे सौंप दो मैं उनका संहार करूंगी। अंकिता की मां का ये भी ,कहना है, कि इन लोगों को फांसी की सज़ा होनी चाहिए मेरी बेटी के हत्यारों के बारे में फैसला लेने का अधिकार उसकी मां को दिया जाना चाहिए।
अंकिता के मर्डर के मामले में लगातार एक के बाद एक खुलासे हो रहे हैं। वहीं अंकिता के परिजन भी अब काफी गुस्से में दिखाई दे रहे हैं। परिवार ने अंकिता का जल्दबाज़ी में अंतिम संस्कार करने से मना भी कर दिया था।
18 सितंबर से लापता अंकिता भंडारी का शव शनिवार को चीला पावर हाउस की नहर में मिला था। पिता और भाई ने अंकिता के शव की पहचान की थी, जिसके बाद उसके शव को पोस्टमार्टम के लिए एम्स ऋषिकेश ले जाया गया। इस हत्याकांड को लेकर सीएम पुष्कर सिंह धामी ने भी कड़ा रुख अख्तियार किया है।
सीएम ने मामले की जांच के लिए एसआईटी गठित करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही उन्होंने आश्वासन दिया कि इस मामले में दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। मामले की सुनवाई फास्ट ट्रैक कोर्ट करेगी।
उत्तराखंड के श्रीनगर की रहने वाली अंकिता भंडारी ने 2020 में 12वीं की परीक्षा पास करने के बाद होटल मैनेजमेंट का कोर्स किया था। पिछले 28 अगस्त को ऋषिकेश के वनंतरा रिसॉर्ट में अंकिता ने बतौर रिसेप्शनिस्ट जॉब शुरू की थी। बीजेपी नेता और पूर्व मंत्री विनोद आर्य का बेटा पुलकित आर्य रिसॉर्ट का मालिक है। पुलकित आर्य, रिजॉर्ट का मैनेजर सौरभ भास्कर और एक कर्मचारी अंकित गुप्ता पर अंकिता की हत्या करने का आरोप है। तीनों आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
बता दें कि लापता होने से पहले तक अंकिता रिसॉर्ट मालिक पुलकित आर्य और उनके स्टाफ़ के साथ ही थी। जानकारी के अनुसार, 18 सितंबर की शाम आरोपी पुलकित आर्य, सौरभ भास्कर और अंकित गुप्ता बाइक से अंकिता को घुमाने ले गए थे, देर रात जब वे वापस आए तो अंकिता उनके साथ नहीं थीं। मामला सामने आने के बाद पुलिस ने रास्ते पर लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगाला तो रिजॉर्ट से चार लोग जाते दिखे लेकिन वापस आते समय सिर्फ़ तीन लोग ही थे। घटना को दबाने के इरादे से अगले दिन अंकिता की गुमशुदगी की रिपोर्ट खुद आरोपी पुलकित आर्य ने दर्ज कराई थी।
अंकिता के एक दोस्त ने घटना से पहले की कुछ चैट मीडिया को बताई हैं। अंकिता ने अपने दोस्त को चैट के जरिये रिजॉर्ट में चल रहीं करतूत बताई थी। चैट के अनुसार, अंकिता पर कुछ ख़ास गेस्ट को स्पा सर्विस देने का दबाव बनाया गया था। अंकिता को प्रॉस्टिट्यूट बनाने के लिए 10 हजार रुपये का लालच भी रिजॉर्ट मालिक की तरफ से दिया गया था। अब पुलिस इस चैट के आधार पर जाचं में जुट गई हैं।