मध्यप्रदेश के विंध्य क्षेत्र को आज नए एयरपोर्ट की सौगात मिली। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने रीवा में बनने वाले नए एयरपोर्ट का भूमि पूजन किया। इस मौके पर सीएम शिवराज ने विंध्य एक्सप्रेस-वे बनाये जाने की घोषणा की।
रीवा हवाई अड्डे के शिलान्यास के अवसर पर सीएम शिवराज ने ऐलान किया कि भोपाल से लेकर सिंगरौली तक यानी भोपाल, दमोह, कटनी, रीवा, सीधी, सिंगरौली तक विंध्य एक्सप्रेस वे बनाया जायेगा। साथ ही विंध्य एक्सप्रेस वे दोनों तरफ औद्योगिक क्लस्टर विकसित किए जाएंगे। विंध्य को रेल कनेक्टिविटी, रोड कनेक्टिविटी और हवाई कनेक्टिविटी भाजपा की सरकार ने दी।
सीएम शिवराज ने यह भी कहा कि आज एक सपना साकार हो रहा है। केवल हमारा रीवा नहीं, संपूर्ण विंध्य और बघेलखण्ड विकास की उड़ान भरने के लिए तैयार है। उन्होंने बताया कि ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट में इंदौर, मालवा और निमाड़ के बाद सबसे ज्यादा लगभग ₹ 2 लाख 88 हजार करोड़ का निवेश रीवा और विंध्य क्षेत्र में आया है।
जानिए सीएम के सम्बोधन की ख़ास बातें-
-रक्षाबंधन पर बहनों को भाई उपहार और सौगात देता है। मेरी बहनों इस रक्षाबंधन पर्व पर आपका भाई शिवराज सिंह चौहान आपको लाड़ली बहना योजना का उपहार देगा, जिसमें प्रतिमाह हर बहन को ₹1000 मिलेंगे। आज मुझे बहनों ने राखी बांधी है, मैं इस राखी की शपथ लेता हूं कि जब तक हर एक बहनों के जीवन में सुख-समृद्धि, संपन्नता न ला दूं, तब तक चैन से नहीं बैठने वाला हूं।
-महिला सशक्त होगी, तो परिवार सशक्त होगा। परिवार सशक्त होगा, तो देश सशक्त होगा। सरीवा में 750 मेगावाट का सोलर प्लांट भाजपा की सरकार ने बनाया। पानी की कनेक्टिविटी भाजपा ने दी। बाणसागर, गुलाब सागर हमारी सरकार ने पूरा किया। आज चारों तरफ सिंचाई योजनाओं के काम चल रहे हैं। उत्पादन में हमारा विंध्य पंजाब और हरियाणा को भी पीछे छोड़ देगा।
-एक समय था,जब बेटियां बोझ समझी जाती थीं, मुख्यमंत्री बनते ही मैंने लाडली लक्ष्मी योजना बनाई। अब प्रदेश की धरती पर जन्म लेने वाली हर बेटी लखपति होती है। लाडली लक्ष्मी बेटियों को कॉलेज में एडमिशन लेने पर दो किश्तों में कुल 25 हजार रुपये अलग से दिये जायेंगे।