प्रख्यात भजन गायक पद्मश्री अनूप जलोटा ने अहम बात कही है. उनका कहना है कि मैं भजन गायक हूं, संत नहीं। एक कार्यक्रम में प्रस्तुति देने आए अनूप जलोटा ने मीडिया से कई मुद्दों पर खुलकर बात की। उन्होंने कहा कि लोग चाहते हैं कि भजन गायक साइकिल पर ही घूमे और मर्सिडीज न चलाएं। भजन गायक भी एक साधारण इंसान है. उसे भी जिंदगी के सब आनंद उठाने का अधिकार है। उन्होंने लाउडस्पीकर पर अजान पर विवाद पर भी अपनी बात कही.

लाउडस्पीकर विवाद पर उन्होंने कहा कि अजान हो या हनुमान चालीसा... पढ़ी-सुनी जानी चाहिए लेकिन उसका वॉल्यूम ऐसा हो जिससे किसी को असुविधा न हो। ये ईश्वर को पुकारने, उन्हें याद करने का आशीर्वाद पाने का तरीका है और यह तरीका मधुर ही होना चाहिए। इसमें चीखने का क्या काम है। हम भजन गाते हैं तो रात 10.30 बजे तक कार्यक्रम खत्म कर देते हैं।

अनूप जलोटा ने यह भी कहा कि भारतीय जनता पार्टी को अब मुद्दों की आवश्यकता नहीं है। अब यह पार्टी काम करती है। मोदी और योगी की जोड़ी को उन्होंने राम-लक्ष्मण की जोड़ी जैसी बताया। फिल्म द कश्मीर फाइल्स पर अनूप जलोटा ने कहा कि कहा जा रहा है कि यह फिल्म सरकार ने बनवाई है जोकि सरासर गलत है। यह तो प्रोड्यूसर-डायरेक्टर का फैसला था।

पद्मश्री से सम्मानित होने पर भी बिग बॉस में जाने की वजह पूछने पर अनूप जलोटा का कहना था कि मैंने कभी बिग बॉस शो देखा नहीं था। शो से बाहर आने के बाद भी बिग बॉस नहीं देखा। मैं उस शो में एक पेड हॉलिडे के लिए गया था। मैं स्विट्जरलैंड में जाकर डेढ़ महीने की छुट्‌टी बिताता तो पांच-सात लाख रुपए खर्च हो जाते। इससे कहीं ज्यादा पैसे बिग बॉस ने मुझे दिए और छुट्‌टी भी मिल गई।  उस शो में कोई मैंने कोई अश्लील काम नहीं किया। मैंने जसलीन का हाथ भी नहीं पकड़ा। उन्होंने हमारे लिए एक ड्रीम सीक्वेंस बनाई थी और वह स्क्रिप्टेड था। जैसा करने के लिए कहा गया हमने वैसा ही किया। जब मैं शो के बाहर आया तो मेरी मां ने पूछा कि ये जसलीन कौन है। तब जाकर मुझे पता लगा कि इसपर बाहर तो बड़ा बवाल हो गया है। लोग इसी टॉपिक पर बात कर रहे है तो फिर मैंने प्रेस कॉन्फ्रेंस बुलाकर कहा कि मैं और जसलीन के पिता मिलकर उसका कन्यादान करेंगे।

उन्होंने कहा कि मैं भजन गायक हूं, संत नहीं। भजन की प्रस्तुति देने के बाद मैं शराब भी पीता हूं। जो पसंद आता है वह खाता हूं।