श्रद्धा मर्डर केस की तरह ही दिल्ली के पांडव नगर से सामने आई घटना ने पूरे देश को हिलाकर रख दिया। अक्सर व्यक्ति की घटिया सोच ही उसके पतन का कारण बनती हैं लेकिन इससे इतर अंजन दास के परिवार ने उसकी गलत मानसिकता के कारण ख़ूनी खेल खेला..!
खेल भी ऐसा कि जिसने भी सुना वह थरथरा गया। सात जन्मों की साथी कहलाने वाली पत्नी और बुढ़ापे का सहारा बनने वाले बेटे ने ही त्रिलोकपुरी स्थित आवास पर अंजन दास का मर्डर कर शव के 10 टुकड़े किए और उसके बाद उन्हें फ्रिज में रख दिए। आरोपी बेटा-पत्नी पांडव नगर और पूर्वी दिल्ली के विभिन्न इलाकों में रोजाना शरीर के उन टुकड़ो को फेंक कर शव ठिकाने लगाते रहे।
रिश्तों का ख़ूनी खेल-
अब आपके मन में भी एक सवाल जरूर आया होगा कि आख़िर क्यों पत्नी ने पति और बेटे ने पिता अंजन दास का मर्डर किया? रिश्तों का ये ख़ूनी खेल कब खेला गया? इन सब सवालों का जवाब जानने के लिए आपको इसी साल के जून महीने की तरफ जाना होगा। हत्या की एक-एक कड़ियाँ जुड़ने के बाद आज दिल्ली पुलिस ने प्रेस कॉन्फ्रेंस करके पूरे मामले का खुलासा किया।
डीसीपी अमित गोयल ने बताया कि करीब 6 महीने पहले 5 जून को रामलीला मैदान में एक बॉडी पार्ट्स मिला था, जो कि लगातार 5 दिन तक बरामद हुए. डीसीपी ने बताया कि कटे हुए बॉडी पार्ट्स की पहचान करने में काफी दिक्कत हो रही थी। बॉडी की पहचान टेक्निकली एनालिसिस के बाद हुई। इलाके में डोर-टू-डोर वेरिफिकेशन के बाद सूचना मिली कि अंजन दास 5-6 महीने से लापता है, लेकिन किसी भी थाने में कोई मिसिंग रिपोर्ट दर्ज नहीं की थी।
सीसीटीवी फुटेज से हुआ बड़ा ख़ुलासा-
इसके बाद पुलिस ने जांच शुरू कर हत्याकांड की गुत्थी सुलझाने के लिए इलाके के सीसीटीवी फुटेज को खंगालना शुरू कर दिया। हाल ही में पुलिस को एक फुटेज से पता चला कि एक महिला और एक शख्स वहां पहुंचे थे। इसी के ज़रिये अंदाजा लगाया गया कि शायद उन्होंने ही शव के टुकड़ों को वहां फेंका हो क्योंकि फुटेज में वह पोलीथिन लेकर उस तरफ़ जाते हुए दिखाई दिए थे।

शक के तौर पर मामले की तफ्तीश तेजी से आगे बढ़ी और पुलिस ने सारी कड़ियों को जोड़ हत्याकांड की गुत्थी को सुलझाया, जिसके बाद अंजन दास की पत्नी पूनम और उसके सौतेला बेटे दीपक को गिरफ्तार किया। गिरफ्तारी के बाद जब आरोपियों से पूछताछ हुई तो मां-बेटे ने हत्या की बात को कबूल कर लिया। उन्होंने जो चौंकाने वाले ख़ुलासे किये उन्हें सुन आपके भी होश उड़ जायेंगे।
पति-पत्नी दोनों की हुई थी दूसरी शादी-
दरअसल, पूनम ने 2017 में अंजन दास से दूसरी शादी की थी। उसके पहले पति का नाम कल्लू था। दीपक उसी का बेटा है। दीपक की एक सगी बहन भी है जो कल्लू की बेटी है। पहले पति की कैंसर से मौत के बाद पूनम नया रिश्ता जोड़ मृतक अंजन दास के साथ रहने लगी थी। अंजन दास भी पहले से शादीशुदा था और बिहार में उसके 8 बच्चे हैं। दूसरी शादी के बाद भी वह कमाता भी नहीं था और पूनम पर ही निर्भर रहता था। आर्थिक तंगी और पारिवारिक कारणों से दोनों के बीच में अक्सर झगड़ा होता रहता था।
पहले पति की बेटी और बेटा दोनों ही पूनम के साथ ही दूसरें पति के घर में एक साथ ही रहते थे। पूनम को शक था कि अंजन दास उसकी बेटी और बहू यानी दीपक की पत्नी पर भी बुरी नज़र रखता है। उसकी इन हरकतों को देख मां-बेटे ने उसे मारने का फैसला लिया।
30 मई को हत्या, 5 जून को मिला बॉडी पार्ट, नवंबर में हुआ ख़ुलासा-
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि 30 मई को दोनों ने शराब में नींद की दवाई डालकर उसे पिलाई। थोड़ी देर बाद बेहोश होते ही दीपक ने बेरहमी से उसका गला काट दिया। अगले दिन लाश के कई टुकड़े किए और अलग-अलग जगहों पर फेंक दिए। इस बीच 5 जून की देर शाम को पुलिस को शरीर का पैर वाला टुकड़ा मिला था, जिसके बाद से जांच शुरू हुई थी और अब पुलिस ने लगभग हत्या का ख़ुलासा कर दिया है। फ़िलहाल पुलिस हत्या में बेटी और बहू की भूमिका की तलाश कर रही है।
इसी तरह रची गई थी श्रद्धा हत्याकांड की साजिश
यह भी पढ़ें: