भोपाल

मप्र में आज से सत्ताधारी भाजपा ने समरसता अभियान चालू किया है लेकिन इस बीच कल आधी रात तक भाजपा के मुख्यालय में सीएम शिवराज सिंह चौहान और संगठन के आला नेताओं के बीच हुई बैठक से आगामी समय में बड़े परिवर्तन की सुगबुगाहट शुरू हो गई है। माना जा रहा है कि चार बड़े नेताओं राष्ट्रीय सह संगठन मंत्री शिवप्रकाश, प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद शर्मा, प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा के साथ सीएम की बैठक में इस मुद्दे पर खास मंथन किया गया। हालांकि कुछ सूत्रों का कहना है कि पार्टी के नए भवन के निर्माण की योजना के साथ ही संगठन पर बात हुई। कुछ संगठन मंत्री नये तैनात किये जा सकते हैं। लेकिन चर्चा है कि शिवराज मंत्रिमंडल के 'पुराने' स्वरूप में अब कुछ परिवर्तन करते हुए नए विधायकों को शामिल करने पर विचार शुरू हो गया है। डेढ़ साल बाद चुनाव में उतरने से पहले भाजपा संगठन और हाईकमान सरकार के नये लुक पर काम शुरू कर चुका है। नये चेहरों को तरजीह देने की यही वजह है और मैदानी फीडबैक के आधार पर इस पर काम हो रहा है।

समरसता मिशन : 64 सौ करोड़ के बिजली बिल माफ

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने आज कटनी के स्लीमनाबाद में मुख्यमंत्री बिजली बिल राहत योजना की शुरुआत की ज्ञात हो भाजपा ने आज से समरसता पखवाड़े की भी शुरुआत की है। योजना के तहत कोरोना काल के घरेलू उपभोक्ताओं के 64 सौ करोड़ रुपये के लंबित बिल को माफ किया जा रहा है। अब 31 अगस्त 2020 की स्थिति में बिजली बिल की बकाया मूल और अधिभार राशि माफ की जाएगी।

शिव मंदिर मामला..!

उमा भारती ने कहा मैं करूंगी तर्पण

कथा व्यास पं. प्रदीप मिश्रा द्वारा रायसेन किले के मंदिर का जिक्र करने के बाद राजनेता भी सक्रिय हैं। उन्होंने कहा था कि शिवराज सरकार में शिव कैद है। अब पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती ने जलाभिषेक करने की घोषणा कर दी है। उमा ने ट्वीट कर कहा कि वह 11 अप्रैल को रायसेन जाकर शिव मंदिर में जल अभिषेक करेंगी। उन्होंने लिखा- जब मैं 11 अप्रैल को उस सिद्ध शिवलिंग पर गंगोत्री से लाया हुआ गंगाजल चढ़ाऊंगी, तब राजा पूरणमल, उनकी पत्नी रत्नावली, उनके दोनों मासूम बेटे, अबोध कन्या, और मारे गए सैनिकों का तर्पण करूंगी। अपनी अज्ञानता के लिए क्षमा मांगूंगी।

शिवराज ही कराएंगे चुनाव

इधर राज्य सरकार के प्रवक्ता व गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा ने कहा है कि अब कांग्रेस का सूर्य अस्त होने की ओर है, शिवराज ही अगले मुख्यमंत्री होंगे। उज्जैन में आज सुबह मीडिया से चर्चा करते हुए उन्होंने कहा भाजपा को कोई टक्कर नहीं दे सकता। आतंकवाद के मामले में उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश में सिमी के स्लीपर सेल, अन्य संगठनों और आतंकियों को सिर उठने नहीं दिया जाएगा। जागृत हों या स्लीपर हों, किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा। दरअसल गुरुवार सुबह मिश्रा ने उज्जैन में महाकाल मंदिर में दर्शन किए। गर्भगृह में पूजा के बाद वे महानिर्वाणी अखाड़े के संतों से मिलने पहुंचे। वे एक घंटे तक मंदिर में रहे और भोग आरती में शामिल हुए।