भोपाल। लंबे समय से नियुक्ति का इंतजार कर रहे चयनित शिक्षकों के विरोध के बीच आखिरकार स्कूल शिक्षा विभाग ने उच्च माध्यमिक शिक्षक और माध्यमिक शिक्षक के नियुक्ति पत्र जारी कर दिए है। संभागीय संयुक्त संचालक के स्तर से उच्च माध्यमिक शिक्षकों के लिए प्रतीक्षा सूची से प्रवर्गवार पात्र 853 अभ्यर्थियों और माध्यमिक शिक्षकों के लिए प्रतीक्षा सूची से प्रवर्गवार पात्र 923 अभ्यर्थियों के नियुक्ति आदेश जारी किए गए है।

हालाकि जीव विज्ञान में माननीय उच्च न्यायालय के स्थगन के कारण आदेश जारी नहीं किए गए है। इसकी पुष्टि करते हुए स्कूल शिक्षा (स्वतंत्र प्रभार) और सामान्य प्रशासन राज्य मंत्री इंदर सिंह परमार ने बताया कि शिक्षक पात्रता परीक्षा 2018 में विज्ञापित 20 हजार 670 पदों में से अब तक विभिन्न प्रवर्गों में 13 हजार 757 पदों के नियुक्ति आदेश जारी किए गए है। इसके पूर्व प्रथम चरण में उच्च माध्यमिक शिक्षकों के 8 हजार 318 और माध्यमिक शिक्षकों के 3 हजार 663 पदों के नियुक्ति आदेश जारी किए गए थे। बता दें कि शिक्षक भर्ती 2018 में चयनित शिक्षकों की नियुक्ति नहीं होने से नाराज चयनित शिक्षकों द्वारा लंबे समय से विरोध प्रदर्शन किया जा रहा है।

आरटीई फीस प्रतिपूर्ति के लिए 16 मार्च तक का समय

निजी स्कूलों में आरटीई के तहत परने वाले बच्चों की फीस प्रतिपूर्ति के लिए राज्य शिक्षा केन्द्र ने कार्यवाही शुरू कर दी है। जिसके तहत सत्र 2020-21 एवं सत्र 2021-22 की फीस प्रतिपूर्ति प्रयोजल तैयार के लिए आरटीई पोर्टल पर उपलब्ध माड्यूल, दिनांक 16 मार्च 2022 से प्रारंभ होकर 16 अप्रैल 2022 तक चालू रहेगा संचालक राज्य शिक्षा केन्द्र धनराजू एस ने इस संबंध में सभी जिलों के कलेक्टर्स को दिशा निर्देश जारी कर उनके जिले के समस्त प्रायवेट स्कूलों को उपरोक्त प्रक्रिया के संबंध में अवगत कराने तथा पारदर्शी माध्यम से आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करने को कहा है।