अरुणाचल प्रदेश के सियांग जिले में शुक्रवार को बड़ा हादसा हो गया. यहां सेना का रुद्र हेलीकॉप्टर सिंगिंग गांव के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गया.
गुवाहाटी डिफेंस पीआरओ के मुताबिक, टूटिंग से 25 किलोमीटर दूर सिंगिंग गांव के पास सेना का हेलीकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त हुआ हैं. जानकारी के अनुसार, जहां दुर्घटना हुई वह जगह सड़क से नहीं जुड़ी हुई है. हालांकि रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंच गई है.
स्थानीय अधिकारी ने बताया कि सेना का हेलीकॉप्टर रुद्र क्रैश हो गया है. फ़िलहाल तलाशी अभियान जारी है. रुद्र सेना का एक अटैक हेलिकॉप्टर है. यह भारतीय सेना के लिए हिंदुस्तान एयरोनॉटिक्स लिमिटेड (HAL) द्वारा निर्मित है. यह हल्के वजन वाले ध्रुव हेलीकॉप्टर का वेपन सिस्टम इंटीग्रेटेड (WSI) Mk-IV संस्करण है.
ANI के अनुसार, अरुणाचल प्रदेश हेलिकॉप्टर दुर्घटना में 2 शव बरामद हुए हैं. बाकी सभी की तलाश जारी हैं. मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, दुर्घटनाग्रस्त हेलिकॉप्टर में पांच लोग सवार थे. जिसमें दो पायलट थे और तीन अन्य लोग थे. फ़िलहाल इससे जुड़ी हुई कोई भी अधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई हैं. बात दें कि भारतीय सेना ने रेस्क्यू मिशन में तीन हेलिकॉप्टर लगाए हैं.