कोलकाता. अर्पिता मुखर्जी के घर से ईडी को 50 करोड़ से ज्यादा का कैश मिला है. 'कैश क्वीन' अर्पिता ऐशो-आराम से रहती रही पर उनकी मां मुफलिसी में जीवन बसर कर रही हैं. वे बेलघोरिया में एक जर्जर मकान में रहती हैं. अर्पिता की मां के पास मूलभूत सुविधाओं तक की कमी है. एक ओर बेटी लग्जरी लाइफ जी रही थी, वहीं दूसरी ओर मां के पास अपनी जरूरतें पूरी करने के लिए भी चीजं नहीं है.

30 साल की अर्पिता मुखर्जी बीते 10 साल से पूर्व मंत्री पार्थ चटर्जी के साथ कनेक्शन में हैं। इधर बलघेरिया के देवानपाड़ा इलाके में अर्पिता के पुश्तैनी घर की हालत खराब है। उसका घर जगह-जगह से टूट रहा है। उनकी बुजुर्ग मां मिनाती मुखर्जी घर में अकेली रहती हैं। मीडिया को उन्होंने बताया कि मैं किसी से बात नहीं करना चाहती। मुझे पड़ोसियों ने कहा है कि आप किसी से बात मत करो। अर्पिता कई साल पहले घर छोड़ चुकी है। कभी-कभी मिलने आती है। राशन-दवाई तो दे देती है लेकिन उसने पैसे कभी नहीं दिए। उसने पहले सीरियल में काम किया और फिर फिल्मों में आई. उसने इस बात का कभी जिक्र नहीं किया कि उसके पास इतने पैसे हैं।’

इधर पार्थ और अर्पिता से पूछताछ कर रही ED को कई नई प्रॉपर्टी के बारे में पता चला है। जल्द ही इन जगहों पर छापा मारा जाएगा। इसके बाद दोनों का अमाउंट और ज्यादा बढ़ सकता है। बताते हैं कि ED आने वाले दिनों में 10 से 12 जगहों पर छापा मार सकती है।