असम में एक बेहद रोचक व अनोखा मामला सामने आया। दरअसल, असम की एक महिला सब इंस्पेक्टर (Lady Sub Inspector) ने शादी से पहले अपने ही मंगेतर को गिरफ्तार कर लिया है। शख्स पर आरोप है कि उसने प्राकृतिक गैस निगम (ONGC) में नौकरी करने का झांसा देकर कई और लोगों को ठगा है। गिरफ्तार शख्स का नाम राणा पोगाग है। साथ में यह भी आरोप है कि युवक अपनी नकली पहचान बताकर शादी करना चाहता था।

मंगेतर की गिरफ़्तारी के बाद महिला SI ने कहा कि, मैं आम जनता को स्पष्ट संदेश देना चाहती हूं कि जो भी व्यक्ति अपराध करेगा वह मेरे चंगुल से बच नहीं सकता, चाहे वह मेरे परिवार का ही क्यों न हो। महिला SI के इस दिलेरीपूर्ण निर्णय की हर तरफ़ जमकर तारीफ़ हो रही है।

यह मामला असम के नगांव जिले का है। यहां के नगांव थाने में महिला सब इंस्पेक्टर जोनमणि राभा ने अपने मंगेतर राणा पोगाग को गिरफ्तार किया है। उस पर फर्जी पहचान दिखाकर शादी करने, लाखों रुपये की ठगी का आरोप है। 
 
जोनमणि राभा ने बताया कि माजुली पोस्टिंग के दौरान उसकी मुलाकात जनवरी, 2021 में राणा पोगाग से हुई थी। दोनों में दोस्ती हुई और वे करीब आए। तब उसने(राणा पोगाग) ने खुद को ONGC में जनसंपर्क अधिकारी बताया था। इसी दौरान उसने शादी का प्रस्ताव रखा, जिसके बाद दोनों के परिवार मिले और अक्टूबर, 2021 में सगाई कर ली। नवंबर, 2022 में दोनों की शादी तय की गई थी।  

जोनमणि ने बताया, उसे जनवरी, 2022 से ही पोगाग के काम करने के तरीके पर शक होने लगा था। इसके बाद उसने जांच-पड़ताल शुरू की तो सामने आया कि वह कई लोगों के साथ ठगी कर चुका है। वहीं पता चला कि वह ONGC में भी कार्यरत नहीं है।

वह SUV गाड़ी से चलता था और अपने साथ Driver और Gunman भी रखता था, जिससे वह अधिकारी लगें। महिला पुलिस अधिकारी ने कहा, मैं शुक्रगुजार हूं कि तीन लोग मेरे पास आए और उन्होंने राणा पोगाग के बारे में पूरी जानकारी दी। उन्होंने मेरी आंखे खोल दीं। उन्होंने कहा इस मामले में प्राथमिकी दर्ज की गई है। आरोपी की गिरफ्तारी के बाद उससे पुलिस हिरासत में पूछताछ की जा रही है।