टीम इंडिया के दिग्गज स्पिनर रविचंद्रन अश्विन ने इंग्लैंड के खिलाफ तीसरे टेस्ट मैच में एक बड़ी उपलब्धि अपने नाम कर ली है। टेस्ट क्रिकेट में अश्विन ने 500 विकेट लेकर अहम मुकाम हासिल कर लिया है। टेस्ट में 500 विकेट लेने वाले वे दूसरे भारतीय और दुनिया के 9वें गेंदबाज हैं।

इंग्लैंड की दूसरी पारी शुरू होने से पहले अश्विन को एक विकेट की जरूरत थी। उन्होंने जैक क्रॉली को रजत पाटीदार के हाथों कैच आउट करवाकर 500 विकेट का आंकड़ा छू लिया। अपने 98वें टेस्ट मुकाबले में अश्विन ने 500 विकेट का आंकड़ा पार किया। 

आर अश्विन श्रीलंकाई स्पिनर मुथैया मुरलीधरन के बाद दूसरे सबसे तेज उपलब्धि हासिल करने वाले खिलाड़ी हैं। मुथैया ने अपने टेस्ट करियर में 800 विकेट लिए हैं। उन्होंने सिर्फ 87 टेस्ट मैचों में 500 विकेट पूरे किए। 

इस मामले में दूसरे सबसे तेज बॉलर अनिल कुंबले थे। जिन्होंने 105 टेस्ट मुकाबलों में यह कारनामा किया था। इस उपलब्धि को तोड़ने वाले अन्य गेंदबाज शेन वॉर्न, ग्लैन मैक्ग्रा, नाथन लायन, कर्टनी वॉल्श, जेम्स एंडरसन और स्टुअर्ट ब्रॉड हैं।