देवास. मध्यप्रदेश के देवास थाने में पदस्थ एक एएसआई को अनोखी विदाई दी गई. थाने में जश्न बनाया गया, ढोल.नगाड़े बजाए गए, एएसआई को फूलों की माला पहनाई गई और सिर पर साफा बांधा गया. दूल्हे की तरह घोड़े पर बैठाकर उन्हें विदाई की गई,  उनका जुलूस निकाला गया और आतिशबाजी भी की गई. कोतवाली थाना परिसर में शादी जैसा यह कार्यक्रम एक एएसआई की सेवानिवृत्ति के जश्न में आयोजित किया गया.

दरअसल कोतवाली थाने में पदस्थ एएसआई नंदकिशोर वैष्णव ने कभी मोटरसाइकिल का प्रयोग नहीं किया. वे  हमेशा ड्यूटी पर सायकल चलाकर पहुंचे और लगातार अपनी सेवाएं देते रहे. वैष्णव कई सालों से पुलिसकर्मी के रूप में देवास जिले में ही पदस्थ थे. उन्होंने अपनी सेवाएं जिले के ही विभिन्न थानों पर दी. बाइक लेने के बावजूद फिट रहने के लिए वे साइकिल का ही इस्तेमाल करते रहे थे. जोश से लबरेज सिपाही नन्द किशोर महिला थाने पर पदस्थ रहे और करीब उनका अंतिम कार्यकाल यहीं बीता. 

रोज की तरह वो आये तो सायकल पर थे लेकिन विदा घोड़े पर बैठकर हुए. इस अनोखी विदाई में साथी पुलिसकर्मी भी शामिल हुए. उन्हें तोपों की भी सलामी दी गई. वैष्णव ने बताया कि पूरी नौकरी के दौरान साइकिल से ड्यूटी पर आया हूं लेकिन घोड़े पर विदाई से अभिभूत हूं. स्टाफ के साथ परिवार ने भी जूलुस को यादगार बना दिया.