भोपाल। प्रदेश के कालेजों में अध्ययनरत छात्र अपने घर के कामों के लिये हाथ बंटायें, इसके लिये सभी विश्वविद्यालयों के कुलपति एवं सभी सरकारी एवं निजी कालेजों के प्राचार्यों को इन छात्रों को प्रेरत करने के लिये कहा गया है। अब इसकी त्रैमासिक रिपोर्ट उच्च शिक्षा विभाग द्वारा कुलसचिवों एवं प्राचार्यों से तलब की जा रही है।
दरअसल मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने पिछले साल घोषणा की थी कि 21 वीं सदी के कौशल के अलावा महिलाओं के प्रति सकारत्मक दृष्टिकोण रखने का अभियान चलाया जायेगा जिसके तहत छात्रों को घर के काम में हाथ बंटाने, बहनों की पढ़ाई में और उनकी आत्मनिर्भरता में योगदान देने के लिये प्रेरित किया जायेगा।
इस घोषणा के पालन के लिये अब उच्च शिक्षा विभाग सभी कुलसचिवों से त्रैमासिक प्रतिवेदन ले रहा है। इस घोषणा के पालन हेतु छात्रों के लिये कार्यशालायें आयोजित करने, उनपके अभिभावकों के लिये परिचर्चा का आयोजन करने, ऑनलाईन उपलब्ध चयनित उत्कृष्ट वीडियो का छात्रों के मध्य प्रदर्शन करने, रैली का आयोजन करने तथा नुक्कड़ नाटकों का आयोजन करने के निर्देश दिये गये हैं।
कोरोना संक्रमण के चलते उक्त घोषणा पर धीमी गति से पालन हुआ है, इसलिये अब उच्च शिक्षा विभाग ने इस पर अमल करने एवं त्रैमासिक प्रतिवेदन देने के लिये कहा है।