प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जौनपुर, उत्तर प्रदेश में जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि, कहते हैं कि सुंगधित इत्र और जौनपुर के मित्र, बड़ी किस्मत वालों को ही मिलते हैं। आज आप मित्र बनकर हमारा हौसला बढ़ाने आए हैं। हमारे साथियों को आशीर्वाद देने आए हैं। मैं आज गर्व के साथ कह सकता हूं कि जौनपुर ने भाजपा के साथ अपनी मित्रता को बखूबी निभाया है। अब तक के मतदान ने भाजपा, अपना दल और निषाद पार्टी की सरकार बनाना तय कर लिया है। आज छठे चरण में भी भाजपा के पक्ष में जमकर मतदान हो रहा है। 

 

पीएम मोदी ने कहा, ये विजय इसलिए जरूरी है क्योंकि उत्तर प्रदेश विकास के जिस पथ पर चल पड़ा है, उसे हमें अब थमने नहीं देना है। आजादी के बाद पहली बार ऐसा हुआ है जब पूर्वांचल के लोगों की आवाज दिल्ली से लेकर लखनऊ तक बड़ी मजबूती के साथ गूंज रही है। घोर परिवारवादियों ने पूर्वांचल के लोगों को अपने हाल पर जीने पर छोड़ दिया था। घोर परिवारवादियों ने पूरी कोशिश की थी कि उत्तर प्रदेश जात-पात में बंट जाए। लेकिन यूपी के लोगों ने घोर परिवारवादियों की चालाकी को समझ लिया। आज यूपी एकजुट, एकमत खड़ा हो गया है।

पीएम मोदी ने कहा, भाजपा की नीयत सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास, भाजपा की नीति है जो भी योजनाएं बने वो हर लाभार्थी तक पहुंचे और बिना बिचौलिए के पहुंचे।माफियावादियों की नीयत क्या रही है, ये जौनपुर के लोग अच्छे से जानते हैं। याद कीजिए, यहां के एक गांव में जिन लोगों पर दलित परिवारों के घर जलाने का आरोप हैं, उन्हें ये लोग आशीर्वाद दे रहे हैं। इसलिए दलित, गरीब, पिछड़े और हमारी बहनों को ऐसे लोगों से सतर्क रहना है। ये समय पूरी दुनिया के लिए आये दिन गंभीर चुनौतियों को लेकर आ रहा है। इस लिए आपका वोट इन चुनौतियों से निपटने के लिए भारत को मजबूत बना रहा है।

पीएम ने कहा, कोरोना के मुश्किल समय में घोर परिवारवादी लोग कहां थे, उन्होंने क्या किया, ये यूपी के लोग कभी भी भूल नहीं सकते। ये लोग इस साजिश में जुटे थे कि भारत के टीके को बदनाम कैसे किया जाए। ये लोग इस संकट को और गंभीर बनाने के लिए काम कर रहे थे। सरकार चलाने का इन माफियावादियों का तरीका रहा है- यूपी को लूटो, गरीबों के सपनों को कुचलो। इन्हें कभी आपका दर्द, आपकी तकलीफ, आपकी मुसीबत नजर नहीं आई। 5 वर्ष पहले तक मैं दिल्ली से इनको चिट्ठी भेजता था, क्योंकि उनकी सरकार थी, वो मुख्यमंत्री थे। मैं बार बार कहता था कि भारत सरकार पैसे दे रही है, आप जरा गरीबों के लिए घर बनाने के काम को जल्दी से और तेजी से पूरा कीजिए। मेरे पत्र File हो जाते थे, लेकिन गरीब की Life की उन्हें परवाह नहीं थी। उनकों तो एक ही काम था, जहां से तिजोरी भरने का मौका मिले वही करो।

पीएम ने कहा, ये आंकड़ा सुनकर इस क्षेत्र का हर नागरिक घोर परिवारवादियों को जीवन भर वोट नहीं देगा। हमने हर गरीब को पक्का घर देने के लिए योजना बनाई और उत्तर प्रदेश की सरकार से पूछा कि आप जौनपुर में कितने घर बनाओगे, जबकि पैसे हम देने के लिए तैयार हैं। घोर परिवारवादियों ने जौनपुर में गरीबों के लिए सिर्फ 1 आवास स्वीकृत किया। ये उन लोगों को माफ करने वाली बात है क्या ? क्या जौनपुर में सिर्फ 1 गरीब परिवार है? क्या ऐसे लोगों को फिर से लखनऊ भेजेंगे ? जहां घोर परिवारवादियों ने जौनपुर के गरीबों के लिए सिर्फ 1 आवास स्वीकृत किया था, उसी जौनपुर शहर के लिए भाजपा सरकार ने गरीबों के लिए 30,000 आवास स्वीकृत किए। जो 30,000 घर हमने स्वीकृत किए, उनमें से 15,000 तो बन चुके हैं।

पीएम ने कहा, हम आपके जीवन को आसान बनाने के लिए निरंतर काम कर रहे हैं। भाजपा यूपी पर शासन करने के लिए नहीं आयी है। हम तो आए हैं, बिना भेदभाव, बिना पक्षपात यूपी के लोगों की जीवन भर सेवा करने के लिए। घोर परिवारवादियों ने जिस पूर्वांचल को दिमागी बुखार का कहर भुगतने के लिए छोड़ दिया था, वहां आज मेडिकल कॉलेजों का नेटवर्क तैयार हो रहा है। हमने प्राइवेट मेडिकल कॉलेजों में आधी सीटों पर फीस घटाकर सरकारी मेडिकल कॉलेज के बराबर करने का बड़ा फैसला किया है। राष्ट्रहित और गरीब हित के ये काम ऐसे ही तेज गति से चलते रहें। इसके लिए कमल निशान, कप प्लेट और भोजन भरी थाली पर भारी मतदान करवाना है।