भोपाल,
भोपाल। श्यामला हिल्स स्थित रवींद्र भवन के सामने रविवार की रात एक कार चालक ने बाइक सवार युवक और युवती को टक्कर मार दी। इतना ही नहीं उन्हें कार से कुचलने का प्रयास किया। हत्या की कोशिश से पूर्व आरोपी कार चालक और युवक-युवती के बीच कहासुनी हुई थी। पुलिस का कहना है कि आरोपी लड़की से एकतरफा प्यार करता है। दूसरे लड़के के साथ युवती को देख भड़क गया और वारदात को अंजाम दिया। दोनों घायलों का
हमीदिया अस्पताल में उपचार चल रहा है। मामले में पुलिस ने हत्या के प्रयास का मुकदमा दर्ज कर लिया है। आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास जारी है। श्यामला हिल्स थाने के टीआई हाकम सिंह पंवार के अनुसार राशि पुत्री प्रवीण भारद्वाज (24) विजय नगर लालघाटी में रहती है और निजी कॉलेज की छात्रा है। आरोपी सोम्य सारस्वत कोटरा का निवासी है। दोनों एक ही समाज के हैं तथा एक कार्यक्रम में दोनों के बीच डेढ़ साल पहले मुलाकात हुई थी। बाद में दोनों के बीच दोस्ती हो गई। दोनों कॉल पर बातचीत करने लगे। पीड़िता आरोपी को अच्छा दोस्त मानती थी।
इसी दोस्ती को वह प्रेम समझ बैठा और लड़की पर बात-बात पर हक जताने लगा। उसे कहीं आने-जाने पर टोकने लगा। इसी से नाराज होकर लडकी ने आरोपी से बातचीत करना बंद कर दिया था। रविवार रात करीब आठ बजे राशि अपने दोस्त क्षितिज भौमिक के साथ घूम रही थी। तभी आरोपी ने उसे देख कॉल किए। लड़की ने फोन नहीं उठाए तो आरोपी ने पीछा कर उसकी गाड़ी को रविंद्र भवन के पास में रोक लिया। वहां आरोपी और युवक-युवती के बीच कहासुनी हो गई।
बाद में लड़की दोस्त के साथ उसके वाहन पर पीछे बैठकर जाने लगी। तभी आरोपी ने अपनी कार से राशि और उसके दोस्त के वाहन में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में राशि को सिर, हाथ और पैर में गंभीर चोट आई हैं। जबकि क्षितिज भी ज़ख़्मी हो गया। दोनों का हमीदिया में इलाज चल रहा है। पुलिस का कहना है कि हादसे के पूर्व राशि और उसका दोस्त बोट क्लब से घूमकर लौट रहे थे।