भोपाल. बैतूल में सोशल मीडिया में इन दिनों एक वन अधिकारी और ड्राइवर का ऑडियो जमकर वायरल हो रहा है. इसमें हरदा फारेस्ट के एसडीओ नर्मदापुरम में सीसीएफ दफ्तर में मौखिक आदेश पर अटैच अपने ड्राइवर से गाली - गलौज कर रहे हैं. मिलने नहीं आने पर वेतन नहीं निकालने और डीई में देख लेने तक के लिए धमका रहे हैं.
ऑडियो हरदा में फॉरेस्ट विभाग के एसडीओ अशोक कुमार शर्मा और ड्राइवर अजय राजपूत के बीच हुई बातचीत का है, जिसमे एसडीओ शर्मा ड्राइवर के साथ गाली गलौज करते सुने जा सकते है. ऑडियो विभाग के अधिकारी कर्मचारियों तक भी पहुंच गया. इस संबंध में ड्राइवर राजपूत ने कहा कि उन्होंने इसकी शिकायत अपने यूनियन में की है.
इसके आगे उन्होंने कुछ भी बताने से इनकार कर दिया. वन विभाग में अनुकंपा नियुक्ति में पदस्थ अजय राजपूत की जिम्मेदारी हरदा में एसडीओ अशोक कुमार शर्मा के वाहन चलाने की है. एसडीओ शर्मा ने 29 मार्च को ही उत्पादन वन मण्डल में ज्वाइन किया था लेकिन इसके पहले से ही ड्राइवर राजपूत अधिकारियों के मौखिक आदेश पर नर्मदापुरम के पूर्व सीसीएफ आरपी राय के सरकारी वाहन चला रहे हैं.
हाल ही में राय का तबादला नर्मदापुरम से खंडवा हो गया. इसके बाद भी राजपूत के नहीं आने पर एसडीओ ने उनसे गाली - गलौज की. इसमें ड्राइवर बार - बार माफी मांग रहा है. इसके बाद भी एसडीओ गाली दे रहे हैं. ड्राइवर के साथ गाली गलौज के वायरल हो रहे आडियो को प्रदेश ड्राइवर संघ ने गंभीरता से लिया है. इस घटना के बाद शासकीय वाहन चालक संघ के प्रदेश अध्यक्ष ने मामले को गंभीरता से लेते हुए एसडीओ के खिलाफ कार्यवाही की मांग की है. कार्यवाही नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी भी दी है.