नई दिल्ली. ऋषभ पंत ने एक और कमाल किया है. उनके कारण ऑस्ट्रेलिया मालामाल हो गया है. क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने टीवी राइट्स बेच करोड़ों की कमाई की है. क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने अपने सभी मैचों का प्रसारण भारत की स्टार इंडिया को दे दिया है. ये डील सात साल के लिए हुई है जिसमें सभी इंटरनेशनल मैच दिखाए जाएंगे. इसके अलावा स्टार इंडिया पर बिग बैश लीग भी दिखाई जाएगी. इस डील में ऋषभ पंत इफेक्ट भी है. ये बात ऑस्ट्रेलियाई मीडिया भी कह रहा है.
कुछ वक्त पहले इंडियन प्रीमियर लीग के मीडिया राइट्स ने काफी सुर्खियां बटोरी थीं. स्टार इंडिया ने टीवी राइट्स के लिए और वायकॉम.18 ने डिजिटल राइट्स के लिए हज़ारों करोड़ रुपये दिए थे. एक बार फिर क्रिकेट मैच के टीवी और डिजिटल राइट्स सुर्खियां बटोर रहे हैं. क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने आने वाले सात साल के लिए अपने टीवी राइट्स बेचे हैं. भारत के प्रसारण के लिए ये कॉन्ट्रैक्ट स्टार इंडिया ने लिया है. रिपोर्ट्स के मुताबिक स्टार इंडिया ने इसके लिए करीब 350 मिलियन डॉलर दिए हैं. इस कॉन्ट्रैक्ट में ऑस्ट्रेलिया में होने वाले सभी क्रिकेट मैच शामिल हैं. इसमें एशेज़, वनडे, टी.20 मैच के अलावा बिग बैश लीग, मेन्स और वुमेन्स भी अब स्टार इंडिया पर देखने को मिलेंगे.
इतनी बड़ी डील को टीम इंडिया के स्टार बल्लेबाज ऋषभ पंत से जोड़कर देखा जा रहा है. इसका कारण भी जान लीजिए. साल 2020-21 में इंडिया ने ऑस्ट्रेलिया का दौरा किया था.पहले टेस्ट मैच में 36 रनों पर ऑलआउट होने के बाद टीम इंडिया ने सीरीज में जोरदार वापसी की और जीत हासिल की. गाबा में खेले गए सीरीज के आखिरी मैच में ऋषभ पंत की कमाल की पारी के दमपर भारत ने मैच जीता. ऐसा तीन दशक में पहली बार हुआ जब किसी टीम ने ऑस्ट्रेलिया को गाबा में टेस्ट मैच में हराया. स्टार इंडिया और क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया के बीच हुई टीवी राइट्स की रिकार्ड डील के बाद ऑस्ट्रेलियाई मीडिया में पंत की इसी पारी को श्रेय देते हुए याद किया जा रहा है.