Ayodhya Ram Mandir Live: करीब 500 वर्षों के लंबे इंतजार के बाद आज प्रभु श्रीराम अपने भव्य और दिव्य मंदिर में विराजमान हो गए हैं. इसलिए अयोध्या नगरी को भव्य आयोजन के लिए पुष्पों और विशेष रोशनी से सजाया गया है.
इस प्राण प्रतिष्ठा समारोह से पहले भगवान श्री राम की नई मूर्ति गुरुवार की दोपहर राम जन्मभूमि मंदिर के गर्भगृह में रखी गई. भगवान राम की यह ऐतिहासिक प्रतिमा मैसूर के फेमस मूर्तिकार अरुण योगीराज ने बनाई है. जिसकी प्राण प्रतिष्ठा की तैयारी आज यानी 22 जनवरी को शुरू हो गई हैं.

प्रभु श्री राम के स्वागत के लिए अयोध्या नगरी को हजारों क्विंटल फूलों से दुल्हन की तरह सजाया गया है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समेत संत समाज और अति विशिष्ट लोगों की उपस्थिति में रामलला के श्रीविग्रह की प्राण प्रतिष्ठा का ऐतिहासिक अनुष्ठान आज संपन्न होने जा रहा है.
इस प्राण प्रतिष्ठा समारोह के लिए चौदह जोड़े यजमान होंगे. कल यानी 23 जनवरी से राम मंदिर को आमजन के लिए खोल दिया जाएगा. यानी, कल से कोई भी अयोध्या आकर प्रभु श्री राम के दर्शन कर सकेगा. इस भव्य प्राण प्रतिष्ठा समारोह से जुड़ी हर जानकारी लाइव अपडेट की जा रही हैं.
देंखें लाइव अपडेट:
PM मोदी बोले- 'राम आ गए'
रामलला की प्राण प्रतिष्ठा के बाद पीएम मोदी ने अपने संबोधन में कहा कि 'सियावर रामचंद्र की जय' आज हमारे राम आ गए हैं. 22 जनवरी 2024 का ये सूरज एक नई आभा लेकर आया है. आज बहुत कुछ कहना चाहता हूं, लेकिन कंठ अवरुद्ध है. यह क्षण अलौकिक और पवित्र है. सदियों की तपस्या के बाद राम लौटे हैं.
उन्होंने कहा कि मैं आज प्रभु श्री राम से क्षमा याचना भी करता हूं. हमारे पुरुषार्थ, त्याग, तपस्या में कुछ तो कमी रह गई होगी कि हम इतनी सदियों तक यह कार्य कर नहीं पाए. आज वह कमी पूरी हुई है. मुझे विश्वास है कि प्रभु श्री राम आज हमें अवश्य क्षमा करेंगे. आज से हजार साल बाद भी लोग आज की इस तारीख की, आज के इस पल की चर्चा करेंगे.
पीएम मोदी बोले- ये कितनी बड़ी राम कृपा है कि हम सब इस पल को जी रहे हैं और इसे साक्षात घटित होते देख रहे हैं. हमारे राम लला अब टेंट में नहीं रहेंगे, वे अब दिव्य मंदिर में रहेंगे. मेरा पक्का विश्वास है कि जो घटित हुआ है उसकी अनुभूति देश और दुनिया के कोने-कोने में रामभक्तों को हो रही होगी. यह क्षण अलौकिक है यह माहौल, यह घड़ी हम सब पर प्रभु श्री राम का आशीर्वाद है.
मोहन भागवत बोले- आज के आनंद का वर्णन शब्दों में नहीं हो सकता
आरएसएस चीफ मोहन भागवत ने राम मंदिर में बने मंच पर प्राण प्रतिष्ठा के बाद कहा कि आज के आनंद का वर्णन शब्दों में नहीं हो सकता है. उन्होंने पीएम मोदी को तपस्वी की उपाधि दी. उन्होंने कहा, रामलला के साथ भारत का स्वराज लौटकर आया है. आज 500 वर्षों बाद राम लला यहां लौटे हैं और जिनके प्रयासों से हम आज का यह स्वर्ण दिन देख रहे हैं उन्हें हम कोटि-कोटि नमन करते हैं.
मोहन भागवत बोले, इस युग में राम लला के यहां वापस आने का इतिहास जो कोई भी श्रवण करेगा उसके सारे दुख-दर्द मिट जाएंगे, इतना इस इतिहास में सामर्थ्य है.
योगी आदित्यनाथ बोले- मंदिर वहीं बना, जहां बनाने का संकल्प लिया
राम मंदिर में बने मंच पर प्राण प्रतिष्ठा के बाद उत्तर प्रदेश के सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि मंदिर वहीं बना है, जहां बनाने का संकल्प लिया. इस समय पूरा देश राममय है. ऐसा लग रहा है जैसे हम त्रेतायुग में आ गए हैं. 500 साल बाद रामलला अपने मंदिर में विराजे है. राम मंदिर के लिए बहुसंख्यक समाज ने बहुत लड़ाई लड़ी है. भगवान राम का जीवन हमें संयम सिखाता हैं. उन्होंने पीएम मोदी की प्रशंसा करते हुए उनको आभार ज्ञापित किया.
सीएम योगी ने आगे कहा, अब अयोध्या में गोली नहीं चलेगी. अब अयोध्या में कर्फ्यू नहीं लगेगा. प्रभु रामलला के भव्य, दिव्य और नव्य धाम में विराजने की आप सभी को कोटि-कोटि बधाई, मन भावुक है. निश्चित रूप से आप सब भी ऐसा महसूस कर रहे होंगे. आज इस ऐतिहासिक अवसर पर भारत का हर नगर, हर ग्राम अयोध्या धाम है. हर मन में राम नाम है. हर आंख हर्ष और संतोष के आंसू से भीगी है. हर जुबान राम नाम जप रही है. रोम-रोम में राम रमे हैं. ऐसा लगता है कि हम त्रेतायुग में आ गए हैं.
राम मंदिर में हुई रामलला की प्राण प्रतिष्ठा-

अयोध्या में राम मंदिर के गर्भगृह में रामलला विराजमान हो गए हैं. इस प्राण प्रतिष्ठा के अनुष्ठान में प्रधानमंत्री मोदी, संघ प्रमुख भागवत और सीएम योगी आदित्यनाथ यजमान बने हैं.

प्राण-प्रतिष्ठा का अनुष्ठान लाइव-
राम मंदिर के गर्भगृह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी प्राण प्रतिष्ठा के लिए पूजन-अर्चन कर रहे हैं. उनके ठीक साइड में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रमुख मोहन भागवत बैठे हुए हैं.
प्रधानमंत्री मोदी ने अपने सोशल मीडिया एकाउंट्स पर लिखा, अयोध्या धाम में श्री राम लला की प्राण-प्रतिष्ठा का अलौकिक क्षण हर किसी को भाव-विभोर करने वाला है. इस दिव्य कार्यक्रम का हिस्सा बनना मेरा परम सौभाग्य है. जय सियाराम!
पीएम मोदी पहुंचे अयोध्या-
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अयोध्या पहुंच गए हैं. पीएमओं ने एक वीडियो जारी किया है. जिसमें प्रधानमंत्री के प्लेन से अयोध्या नगरी का नजारा कैद किया गया है. अयोध्या बेहद खूबसूरत और राममय लग रही है.
अब पीएम मोदी सबसे पहले सरयू नदी में स्नान करेंगे. उसके बाद नए राम मंदिर में पहुंचेंगे और पूजा-अर्चना में शामिल होंगे. थोड़ी देर में अनुष्ठान की प्रक्रिया शुरू होगी.
राम मंदिर परिसर में पहुंचीं उमा भारती-
बीजेपी नेता उमा भारती राम मंदिर के परिसर में पहुंच गई हैं. उमा तीन दिन से अयोध्या में थीं लेकिन अस्वस्थता होने की वजह से आराम कर रही थीं.

राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा समारोह के दौरान जब साध्वी ऋतंभरा और एमपी की पूर्व सीएम उमा भारती की मुलाकात हुई तो दोनों एक-दूसरे के गले लग गईं. इस दौरान दोनों गले मिलते-मिलते एकदम भावुक हो गईं.
रामलला को नए मंदिर के गर्भगृह में लाया गया-
अयोध्या में बने अस्थाई मंदिर से रामलला को नए मंदिर के गर्भगृह में बड़ी धूमधाम के साथ लाया गया है. अभी तक भगवान राम अस्थाई मंदिर में विराजमान थे. हालांकि, अब विधि-विधान के साथ भगवान को नए मंदिर में स्थापित कर दिया जाएगा.
संघ प्रमुख भी मंदिर परिसर में मौजूद
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के प्रमुख मोहन भागवत राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा समारोह में भाग लेने के लिए अयोध्या में श्रीराम जन्मभूमि मंदिर पहुंच चुके हैं. वहीं, पूर्व पीएम और जेडीएस प्रमुख एचडी देवेगौड़ा भी मंदिर परिसर में मौजूद हैं.
सीएम योगी बोले- श्री अयोध्या धाम में हार्दिक स्वागत
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अयोध्या पहुंच चुके हैं. आज पीएम मोदी के साथ सीएम योगी भी प्राण प्रतिष्ठा समारोह में शामिल होने वाले हैं. इससे पहले योगी आदित्यनाथ ने आज सुबह ही सोशल मीडिया पर पोस्ट शेयर करते हुए लिखा था कि श्री रामलला के नवीन विग्रह की प्राण-प्रतिष्ठा के पुण्य अवसर के साक्षी बनने आ रहे सभी अतिथि महानुभावों का सप्तपुरियों में श्रेष्ठ, मर्यादा पुरुषोत्तम प्रभु श्री राम की प्राकट्यभूमि श्री अयोध्या धाम में हार्दिक स्वागत एवं अभिनंदन है.