Baba Ramdev Viral Video: सोशल मीडिया पर योग गुरू बाबा रामदेव का एक विवादित बयान वायरल हो रहा है. जिसमें उन्होंने ओबीसी वर्ग को लेकर अपमानजनक टिप्पणी की थी. दरअसल, वायरल क्लिप के अनुसार एक टीवी चैनल पर उन्होंने कहा था कि मैं अग्निहोत्री ब्राह्मण हूं. लोग कहते हैं कि बाबाजी ओबीसी (OBC) हैं. अरे, OBC वाले ऐसी-तैसी करवाएं.. मैं हूं वेदी ब्राह्मण, द्विवेदी ब्राह्मण, त्रिवेदी ब्राह्मण, चतुर्वेदी ब्राह्मण, मैंने चार वेद पढ़े हैं.
हालांकि, इस बयान के बाद एक्स यानी ट्विटर पर पतंजलि के बहिष्कार का ट्रेंड चलने के बाद पीटीआई से बात करते हुए बाबा रामदेव ने अपनी तरफ से सफाई दी. वायरल बयान को लेकर कहा कि उन्होंने ओबीसी OBC को लेकर नहीं, बल्कि असदुद्दीन औवैसी पर टिप्पणी की थी.
बाबा रामदेव ने PTI से बात करते हुए अपनी सफाई में कहा कि औवैसी की, उनके पूर्वजों की हमेशा से देश विरोधी सोच रही है. उसको हमें गंभीरता से नहीं लेना है. हमने ओबीसी को लेकर कभी उल्टा नहीं बोला, ओबीसी पर कभी कोई बयान नहीं दिया.
ओबीसी विरोधी टिप्पणी छुपी नहीं- विनय कुमार
कांग्रेस के राष्ट्रीय मीडिया को-ऑर्डिनेटर विनय कुमार दोकानिया ने वायरल वीडियो को पोस्ट कर बाबा रामदेव पर निशाना साधा है. उन्होंने अपने एक्स पर पोस्ट में लिखा कि रामदेव पहले ओबीसी का अपमान करते हैं और फिर चालाकी से ओवैसी पर अपने बयान को तोड़-मरोड़ कर पेश करते हैं. इस वर्डप्ले में उनकी ओबीसी विरोधी टिप्पणी छुपी नहीं है.