पाकिस्तान के कप्तान बाबर आजम की नाबाद शतकीय पारी और उनकी मो. रिजवान के साथ रिकॉर्ड ओपनिंग पार्टनरशिप के दम पर मेजबान टीम ने इंग्लैंड को दूसरे टी20 मैच में 10 विकेट से हरा दिया। इस मैच में इंग्लैंड के कप्तान मोइन अली ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया और 20 ओवर में 5 विकेट पर 199 रन बना डाला। पाकिस्तान को जीत के लिए 200 रन का टारगेट मिला था, लेकिन इस टीम ने बिना कोई विकेट खोए 19.3 ओवर में 203 रन बनाकर 10 विकेट से मैच जीत लिया।
इस जीत के साथ पाकिस्तान ने 7 मैचों की टी20 सीरीज में 1-1 की बराबरी कर ली। टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में ये दूसरा मौका है जब पाकिस्तान ने किसी टीम को 10 विकेट से हराया। बाबर के लिए नाबाद 203 रन की साझेदारी की। टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट के इतिहास में चेज करते हुए पहले विकेट के लिए अब तक की सबसे बड़ी साझेदारी साबित हुई। इस मैच में पाकिस्तान को जीत के लिए 200 रन बनाने थे और पाकिस्तान की टीम को ये टारगेट हासिल करने में कोई परेशानी नहीं हुई।
इंग्लैंड के खिलाफ दूसरी पारी में बाबर आजम ने गजब की बल्लेबाजी की और अपनी खराब फॉर्म से वापसी भी कर ली। पिछले कुछ वक्त से उनकी फार्म को लेकर काफी चर्चा की जा रही थी। बाबर आजम ने इस मैच में 66 गेंदों पर 5 छक्के और 11 चौकों की मदद से नाबाद 110 रन बनाए। वहीं मो. रिजवान ने भी उनका जबरदस्त साथ दिया और 51 गेंदों पर 4 छक्के व 5 चौकों की मदद से नाबाद 88 रन बनाते हुए टीम की जीत में बड़ी भूमिका निभाई।