मध्यप्रदेश के छतरपुर जिले के ग्राम गढ़ा स्थित श्री बालाजी यानि हनुमानजी के प्रसिद्ध तीर्थ स्थल बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पं. धीरेन्द्र कृष्ण शास्त्री को ब्रिटेन की संसद में सम्मानित किया जा रहा है। उन्हें 14 जून को ब्रिटेन के सांसद गैरिथ थोमस की उपस्थिति में संसद द्वारा तीन अवार्ड दिए जा रहे हैं। उन्हें वर्ल्ड बुक ऑफ रिकॉर्ड, संत शिरोमणी अवॉर्ड व यूरोप वर्ल्ड बुक ऑफ रिकॉर्ड से सम्मानित किया जा रहा है।
बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर एवं कथाव्यास पं. धीरेन्द्र कृष्ण शास्त्री 1 जून से इंग्लैण्ड के प्रवास पर हैं। वे यहां 15 जून तक रहेंगे. इस दौरान लंदन और लेस्टर शहर में वे श्रीहनुमत कथा एवं श्रीमद् भागवत कथा कर चुके हैं। ब्रिटेन की संसद में 14 जून को उनका सम्मान कार्यक्रम है. इसके बाद वे 15 जून को भारत लौटेंगे।
बागेश्वर पीठाधीश्वर को ये सम्मान उनके द्वारा किए गए कन्या विवाह, नि:शुल्क भण्डारे के साथ उनकी धार्मिक शिक्षाओं के लिए दिए जा रहे हैं। गढ़ा एक छोटा गांव है जोकि पर्यटन नगरी खजुराहो से महज 20 किलोमीटर दूर है. इसी गांव में हनुमानजी के बागेश्वर धाम के पंडित शास्त्री पीठाधीश्वर हैं। इन दिनों वे अपने दरबार के साथ ही जन सेवा के लिए भी जाने जा रहे हैं। उल्लेखनीय है कि वे ब्रिटेन के सिद्ध आश्रम शक्ति सेंटर के द्वारा आयोजित धार्मिक आयोजनों में सम्मिलित होने गए हैं. खास बात यह है कि बागेश्वर पीठाधीश्वर वर्तमान में देश के उन संतों में शुमार हैं जिन्हें सबसे ज्यादा लोग फॉलो कर रहे हैं।
बागेश्वर धाम के अधिकृत सोशल मीडिया पेज पर भी बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री को ब्रिटेन की पार्लियामेंट में सम्मानित किए जाने के संबंध में जानकारी दी गई है। ब्रिटेन पार्लियामेंट में इस मौके पर एक कार्यक्रम भी होगा। इनके दिव्य दरबार की लंदन में सनातन की अलख जगाने के साथ चर्चा हो रही है। धीरेंद्र कृष्ण महाराज इन दिनों लंदन के अलग-अलग शहरों में हनुमान कथा एवं श्रीमद् भागवत कथा कर रहे हैं।