पठान फ़िल्म को लेकर विवाद गहराता ही जा रहा है। हर दिन कोई न कोई राजनेता, सेलिब्रिटी इसे फ़िल्म को लेकर कटाक्ष करते दिखाई दे रहे हैं। बढ़ते विवाद के बीच अब बागेश्वर धाम सरकार के पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री भी मौजूदा विवाद में कूद पड़े हैं।
उन्होंने कहा "सौगंध खाओ, जो सनातन धर्म का विरोध करे उसका बायकॉट करो। इसके अलावा उन्होंने शाहरुख के वैष्णव देवी मंदिर जाने को लेकर भी कटाक्ष किया। उन्होंने कहा कि कुछ दिनों पहले एक अभिनेता की फ़िल्म का आप सभी लोगों ने विरोध किया था, जिसके बाद उसे मुंह की खानी पड़ी थी। इसके बाद वो अभिनेता हाथ में कलावा बांधने लगा और माथे पर तिलक लगाने लगा।
वहीं प्रदेश के गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा के बाद अब राजधानी भोपाल से भाजपा सांसद प्रज्ञा ठाकुर ने फिल्म को लेकर खुली धमकी दी है। सांसद प्रज्ञा ठाकुर ने दो टूक कहा है कि जब से देश में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी का शासन आया है, तब से हिंदू अपने आप को जागृत अवस्था में महसूस करता है। भारतीय जनता पार्टी और जनता ने भगवा रंग का अपमान करने वालों को मुंहतोड़ जवाब दिया है।अब किसी ने भगवा का अपमान किया तो मुंह तोड़ जवाब ही नहीं देंगे बल्कि मुंह तोड़ कर हाथ में रख देंगे।
पठान की गीत बेशर्म रंग में दीपिका पादुकोण की भगवा बिकनी को लेकर सांसद प्रज्ञा ठाकुर ने कहा कि, 'भगवा रंग सूर्य का रंग है। भगवा रंग बलिदान का रंग है। भगवा रंग सनातनी और संतों का रंग है। भगवा हमारे देश की आन-बान और शान है। यह राष्ट्रीय ध्वज में भी मौजूद है। भगवा को अपमानित करने की कोशिश की गई तो कोई भी नहीं बचेगा हम उसको नहीं छोड़ेंगे।