केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के पाला बदल पर भाजपा में गए कांग्रेस नेता बैजनाथ सिंह यादव बुधवार को भोपाल में कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण करेंगे। बैजनाथ सिंह यादव ने इससे पहले बीजेपी से इस्तीफा दे दिया था। वे आज 500 वाहनों के काफिले के साथ भोपाल रवाना हो चुके हैं।
भोपाल में पीसीसी कार्यालय में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ, दिग्विजय सिंह और जयवर्धन सिंह सहित अन्य नेताओं की उपस्थित में बैजनाथ सिंह यादव की कांग्रेस में घर वापसी होगी। बैजनाथ सिंह यादव का भाजपा को छोड़ कांग्रेस में घर वापसी को सिंधिया को उनके गृहक्षेत्र में बड़ा झटका माना जा रहा है।
सियासी गलियारों में चर्चा है कि बैजनाथ सिंह यादव शिवपुरी जिले की कोलारस विधानसभा सीट से टिकट चाहते हैं लेकिन ज्योतिरादित्य अपने समर्थक महेंद्र सिंह यादव को कोलारस में ज्यादा प्रमोट कर रहे हैं। इसलिए बैजनाथ सिंह का सिंधिया से मोहभंग हो गया है। बैजनाथ सिंह यादव की पत्नी कमला यादव शिवपुरी की जिला पंचायत अध्यक्ष रही हैं।