भोपाल: राज्य सरकार ने कालाबाजारी करने पर बांधवगढ़ टाईगर रिजर्व के फील्ड डायरेक्टर का टिकट कोटा खत्म कर दिया है।
उल्लेखनीय है कि बांधवगढ़ टाईगर रिजर्व में पर्यटकों की एन्ट्री शुल्क देकर टिकट से होती है तथा आकस्मिक अवसर पर किसी पर्यटक को एन्ट्री देने के लिये पार्क के फील्ड डायरेक्टर के पास भी अपने कोटे से कुछ टिकट देने का अधिकार रहता है। लेकिन पिछले दिनों वहां एक वनकर्मी फील्ड डायरेक्टर के कोटे के टिकटों की कालाबाजारी करते पकड़ा गया था।
इस पर राज्य सरकार ने न केवल एक जांच समिति गठित की है बल्कि फील्ड डायरेक्टर से उसके कोटे वाले टिकट देने का अधिकार भी छीन लिया है। प्रदेश के अन्य टाईगर रिजर्व के फील्ड डायरेक्टरों के टिकट कोटे यथावत रखे गये हैं।