24 जून को भी बैंकों की यूनियन विरोध प्रदर्शन करेंगी 

यदि आपको बैंकों के काम हैं तो फटाफट निपटा लें। बैंक लगातार कई दिनों तक बंद रहने वाले हैं। यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस के बैनर तले देशभर के सभी राष्ट्रीयकृत बैंकों की राष्ट्रव्यापी हड़ताल 27 जून को होने जा रही है। सरकारी बैंकों की ये हड़ताल जहां सोमवार को होगी, वहीं इससे पहले भी बैंक दो दिन बंद रहेंगे। सोमवार से पहले रविवार का अवकाश और इससे पहले महीने का चौथा शनिवार होने के कारण बैंक बंद रहेंगे। इस प्रकार लगातार तीन दिनों तक सरकारी बैंक बंद रहने वाले हैं। 

तीन दिन बैंक लगातार बंद रहने से उपभोक्ताओं का परेशान होना तय है। बैंकों में 27 को राष्ट्रव्यापी हड़ताल होगी। विभिन्न मांगों को लेकर होने वाली इस हड़ताल की तैयारियों को लेकर यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस के सभी घटक दलों की बैठक हो रही है। यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस के पदाधिकारियों ने बताया कि बैठक में निर्णय लिया गया कि 22 जून को सभी बैंकों के अधिकारी कर्मचारी काली पट्टी लगाकर लगाकर काम करेंगे। इस तरह सरकार की जन विरोधी और कर्मचारी विरोधी गतिविधियों का विरोध किया जाएगा। 

24 जून को भी बैंकों की विभिन्न यूनियन विरोध प्रदर्शन करेंगी। 27 जून को यूएफबीयू के बैनर तले राष्ट्रव्यापी हड़ताल के तहत जिला मुख्यालयों पर सुबह 10 बजे जंगी विरोध प्रदर्शन होगा। इसमें सभी बैंकों के घटक दलों के अधिकारी और कर्मचारी शामिल होंगे। 

ये हैं बैंक कर्मियों की प्रमुख मांगे

  • पांच दिवसीय बैंकिंग प्रणाली लागू किए जाने की मांग।
  • राष्ट्रीयकृत बैंकों के निजीकरण की नीति का विरोध।
  • वित्त मंत्रालय और इंडियन बैंक एसोसिएशन का बैंक कर्मियों की मांगों के प्रति उदासीनता का विरोध।
  • राष्ट्रीय पेंशन योजना (एनपीएस) को रद्द कर पुरानी पेंशन स्कीम को बहाल करने की मांग।