भोपाल/नसरुल्लागंज,

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के कार्यक्रम में आगमन को लेकर विशेष तैयारियां की जा रही है। ज्ञात हो कि पचमढ़ी चिंतन के बाद इस योजना को सरकार ने फिर अमल में लाने का फैसला किया है..!

नसरुल्लागंज के शासकीय महाविद्यालय के पीछे स्थित खेल मैदान पर विवाह समारोह का आयोजन होगा। सोमवार को विवाह पंजीयन की आखिरी तिथि थी और लगभग 400 जोड़ों के सम्मिलित होने का अनुमान है। प्रशासनिक स्तर पर तैयारियां लगभग पूरी हो चुकी है। और वर-वधुओं के अलावा परिजनों के लिए अलग से व्यवस्थाएं की जा रही है। कार्यक्रम की तैयारियों के संबंध में एसडीएम डी. एस. तोमर एंव जनपद पंचायत के सीईओ देवेश सराठे ने बताया कि वर वधुओं के साथ आने वाले परिजनों के लिए भी अलग से व्यवस्थाएं की गई है। कार्यक्रम में लगभग 25 हजार से भी अधिक लोगों के शामिल होने का अनुमान लगाया जा रहा है। देर शाम को वर-वधुओं के द्वारा जहां सात फेरे लिए जाएंगे वहीं शहर काजी के द्वारा निकाह पढ़वाया जाएगा।

निकलेगी बारात, पूरे समय मौजूद रहेंगे शिवराज:

मुख्यमंत्री कन्यादान योजना के अंतर्गत होने वाले कार्यक्रम में चल समारोह के रूप में दुल्हों की बारात निकाली जाएगी। जिसमें मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान सम्मिलित होंगे। इस दौरान वह बाराती बनकर समारोह में सम्मिलित होंगे वहीं घराती के रूप में बारात की आगमनी भी करेंगे। वह बाराती व घराती दोनों ही रूप में विवाह कार्यक्रम में सम्मिलित होंगे।

अलग-अलग स्थानों पर रहेंगी ठहरने की व्यवस्था:

कार्यक्रम स्थल सुबह से ही वर-वधुओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो जाएगा। इस दौरान दोनों के ठहरने की अलग-अलग व्यवस्थाएं की गई है। शुभम कान्वेंट हायर सेकेंडरी स्कूल एवं विद्यासागर अकादमी में वर एवं उनके परिजन ठहरेंगे वही उत्कृष्ट विद्यालय में वधुओं के ठहरने की व्यवस्था प्रशासन के द्वारा की गई है।