भोपाल। प्रदेश के टाईगर रिजर्व में पर्यटकों को भ्रमण हेतु वन विभाग बैटरी से चलने वाले वाहनों को प्राथमिकता देगी। इसके लिये वन विभाग नये प्रावधान जारी कर रहा है।

उल्लेखनीय है कि टाईगर रिजर्व में भ्रमण के लिये निजी आपरेटरों के वाहनों को वन विभाग पंजीकृत करता है तथा पर्यटक इन वाहनों से ही निर्धारित किराया अदा कर वन भ्रमण करते हैं। वर्तमान में ये निजी वाहन डीजल एवं पैट्रोल से चल रहे हैं तथा इनसे होने वाले प्रदूषण से वन क्षेत्र पर दुष्प्रभाव पड़ रहा है। इसीलिये अब वन विभाग ने बैटरी से चलने वाले वाहनों को प्राथमिकता देने का निर्णय लिया है। जितने भी बैटरी वाहन होंगे, उन सभी को वन भ्रमण कराने की अनुमति दी जायेगी।

दरअसल अभी होता यह है कि टाईगर रिजर्व में भ्रमण हेतु निजी वाहनों का वन विभाग काफी संख्या में पंजीकरण तो कर लेता है परन्तु उन्हें बारी-बारी से भ्रमण हेतु वन के अंदर जाने की अनुमति देता है। किसी-किसी वाहन का तो भ्रमण हेतु नंबर दो से तीन दिन बाद भी आता है। लेकिन वन विभाग ने बैटरी वाले वाहनों के लिये प्रावधान कर दिया है कि जितने भी ऐसे वाहन आयेंगे, उन्हें तत्काल वन के अंदर भ्रमण हेतु जाने की अनुमति मिल जायेगी तथा उन्हें दो से तीन दिन का अपनी बारी आने का इंतजार नहीं करना होगा। ऐसा प्रावधान बैटरी वाले वाहनों से प्रदूषण न होने के कारण किया गया है। आगामी 31 दिसम्बर 2023 तक निजी आपरेटरों को बैटरी वाहनों को लगाने का समय दिया गया है।

विभागीय अधिकारी ने बताया कि टाईगर रिजर्व में भ्रमण हेतु अब बैटरी वाले वाहनों को प्राथमिकता दी जायेगी ताकि प्रदूषण की समस्या से निपटा जा सके।