पूर्व वर्ल्ड रेसलिंग एंटरटेनमेंट (WWE) चैंपियन 'द ग्रेट खली' यानी दलीप सिंह राणा हाल ही में टोल प्लाजा के कर्मचारियों से झगड़ते नज़र आए। यह कोई मजाक नहीं बल्कि हकीकत में ऐसा हुआ है। दरअसल सोशल मीडिया पर खली का एक वीडियो वायरल हो रहा है।
वीडियो में दावा किया गया है कि आईडी कार्ड मांगने पर खली ने एक टोल प्लाजा कर्मचारी को थप्पड़ मारा। जबकि वीडियो में खली कह रहे हैं कि कर्मचारी उन्हें ब्लैकमेल कर रहे हैं। हादसा उस वक्त हुआ जब एक कर्मचारी फोटो लेने के लिए कार में घुस रहा था।
Viral Video of Argument between WWE Superstar 'The Great #Khali' and Toll workers, Somewhere In Punjab. pic.twitter.com/MsCdPslcLs
— Nikhil Choudhary (@NikhilCh_) July 11, 2022
जालंधर से करनाल जा रहे थे खली-
दरअसल ये घटना उस वक्त की है जब द ग्रेट खली जालंधर से करनाल जा रहे थे। इस रास्ते के एक टोल प्लाजा का यह वीडियो बताया जा रहा है। खली ने कहा कि एक कर्मचारी फोटो लेने के लिए कार में घुस रहा था। मना करने पर विवाद हो गया। तभी बाकी कर्मचारी आए और उनकी कार को घेर लिया और ब्लैकमेल करने लगे।
कार से उतरे खली-
इसी बीच पहलवान खली अपनी कार से उतरे और पास में लगे बैरियर को हटा दिया। इस बीच एक कर्मचारी खली को बैरियर हटाने से रोकता है, लेकिन स्टार पहलवान उसे साइड से पकड़ लेता है और हटा देता है। आपको बता दें कि द ग्रेट खली भारतीय जनता पार्टी (BJP) के नेता भी हैं। हालांकि उन्होंने चुनाव नहीं लड़ा।
दूसरी ओर, कर्मचारी का कहना है कि उसने केवल खली से आईडी कार्ड मांगा था। इसी बात पर खली ने उन्हें थप्पड़ जड़ दिया। वीडियो में सुना जा सकता है कि कर्मचारी और खली के बीच काफ़ी देर तक बहस हुई। गुस्से में सभी कर्मचारियों ने खली को वहां से जाने नहीं दिया। तभी पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। उसके बाद खली वहां से निकल गए।