MP News: उत्तर प्रदेश की एसडीएम ज्योति मौर्या इन दिनों सोशल मीडिया पर जमकर सुर्ख़ियों में हैं. उन्होंने अधिकारी बनते ही पति से दूरियां बनानी शुरू कर दी थी. इसके पीछे वजह, सिर्फ इतनी की पति अब हैसियत के काबिल जो न था. अब यूपी के बाद मध्यप्रदेश से भी ऐसा ही एक मामला सामने आया है. 

दरअसल, देवास में पत्नी ने बर्तन मांजकर पैसे जुटाए और पति को पढ़ाया. पति पढ़-लिखकर अधिकारी बन गया और पत्नी को छोड़कर ही दूसरी महिला के साथ रहने लगा. पत्नी ने पति को पढ़ाने के लिए घरों में बर्तन मांजे, मजदूरी कर पैसे जुटाए, लेकिन जब पति कमर्शियल टैक्स अधिकारी बन गया तो उसने पत्नी को धोखा देकर दूसरी महिला से शादी कर ली.

क्या है पूरा मामला-

देवास जिले के बागली क्षेत्र में आरिया की रहने वाली ममता का ग्राम कोठड़ी तहसील जोबट जिला अलीराजपुर के रहने वाले कमरू से अफेयर था. प्यार परवान चढ़ा तो उन्होंने साल 2015 में कोर्ट मैरिज कर ली. कमरू वैसे तो ग्रेजुएट था लेकिन उसे कहीं नौकरी नहीं मिल रहीं थी. 

फिर ममता के कहने पर कमरू कॉम्पिटिशन एग्जाम की तैयारी करने लगा. पति को पढ़ाने के लिए ममता ने दूसरों के घरों में साफ़ सफाई और बर्तन साफ़ करने का काम किया. उन पैसों से किताबें और नोट्स ख़रीदे, जिससे कमरू प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर पाया. आखिरकार, एक दिन दोनों की मेहनत रंग लाई. 

कमरू ने साल 2019-20 में सफलता हासिल कर ली. कमरू का चयन कमर्शियल टैक्स अधिकारी के पद पर हो गया. उसकी पहली पोस्टिंग रतलाम जिले में हुई. इसी बीच वह जोबट निवासी युवती से प्यार करने लगा. कुछ समय बाद ममता को मायके भेज कमरू गर्लफ्रेंड के साथ रहने लगा. बता दें कि पहले भी कमरू ने ममता के साथ लव मैरिज की थी.

ममता का कहना है कि कमरू को पढ़ाने के लिए उनसे खूब मेहनत की थी, लेकिन नौकरी लगने के बाद वह पूरी तरह से बदल गया. अब उसने दूसरी शादी कर ली. मैं फिर भी उसके साथ रहना चाहती थी लेकिन उसने मुझे साथ नहीं रखा. इसके बाद मामला कोर्ट की दहलीज चढ़ गया. 

ममता अगस्त 2021 में इस मामले को लेकर कोर्ट पहुंची. भरण पोषण के लिए हर महीने 12 हजार रुपये भी मांगे, जो कुछ समय बाद बंद कर दिए. अब ममता का कहना है कि मैं कहां जाऊं, मुझे न्याय मिलना चाहिए. ममता के वकील सूर्य प्रकाश गुप्ता ने इस मामले को लेकर कमरू से कई बार संपर्क किया, लेकिन उसने फोन नहीं उठाया. अब इस मामले में अगली सुनवाई 22 जुलाई की है. जिसमें ममता को न्याय मिलने की उम्मीद है.