बेंगलुरु : कर्नाटक के बेंगलुरु के बाबुसापाल्या में एक निर्माणाधीन इमारत ढह गई। हादसे में अब तक पांच लोगों की मौत हो गई है। घटना का CCTV फुटेज भी सामंने आया है। आपको बता हें, खोज एवं बचाव अभियान के दौरान चार और शव बरामद किये गये हैं। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी देते हुए बताया कि इन शवों के मिलने के बाद हादसे में जान गंवाने वालों की संख्या अब पांच हो गई है।
पुलिस ने कहा कि घटना मंगलवार को हुई, जिसके बाद अग्निशमन और आपातकालीन विभाग, राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (एनडीआरएफ) और राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल की टीमें मौके पर राहत अभियान चला रही हैं। उन्होंने बताया कि यह घटना तब हुई जब बेंगलुरु में भारी बारिश हो रही थी।
बेंगलुरु पूर्व पुलिस उपायुक्त डी. देवराज ने कहा, "अब तक पांच शव बरामद किए गए हैं और पांच अन्य घायल हैं।" माना जा रहा है कि तीन अन्य लोग अभी भी मलबे में फंसे हुए हैं और उन्हें ढूंढने के लिए बचाव अभियान जारी है।
उन्होंने बताया कि अब तक 13 लोगों को सुरक्षित बचाया जा चुका है। अधिकारी ने बताया कि यह सात मंजिला इमारत थी। अग्निशमन विभाग के एक अधिकारी ने कहा कि प्रारंभिक जांच के अनुसार, पूरी इमारत ढह गई है और लोग मलबे में फंसे हुए हैं।