रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु लगातार दूसरे सीजन आईपीएल के फाइनल में पहुंच गई है। टीम ने मंगलवार को क्वालिफायर-1 में गुजरात टाइटंस को 92 रन से हरा दिया। अब गुजरात एलिमिनेटर मुकाबला जीतने वाली टीम से क्वालिफायर-2 खेलेगी। एलिमिनेटर सनराइजर्स हैदराबाद और राजस्थान रॉयल्स के बीच बुधवार को न्यू चंडीगढ़ में खेला जाएगा।

बेंगलुरु ने धर्मशाला में टॉस हारकर 20 ओवर में 5 विकेट खोकर 254 रन बनाए। जवाब में गुजरात की टीम 19.3 ओवर में 162 रन पर आॅलआउट हो गई। 255 रन के टारगेट का पीछा करते हुए गुजरात की शुरूआत बेहद खराब रही। 

Image

साई सुदर्शन 14 रन बनाकर हिट-विकेट आउट हुए, जबकि कप्तान शुभमन गिल सिर्फ 2 रन ही बना सके। जोश बटलर ने 11 गेंदों में 29 रन की पारी खेलकर उम्मीद जगाई, लेकिन जोश हेडलवुड ने उन्हें बोल्ड कर दिया। गुजरात ने 51 रन तक पहुंचने में अपने 5 विकेट गंवा दिए।

एक छोर पर राहुल तेवतिया ने अकेले स्ट्रगल किया और 43 गेंदों में 68 रन की पारी खेली, जिसमें 8 चौके और 4 छक्के शामिल रहे। बेंगलुरु के लिए डफी ने 3 विकेट लिए, जबकि क्रुणाल पंड्या, भुवनेश्वर और रसिख सलाम ने 2-2 विकेट झटके।

दोनों टीमें पहुंची मोहाली

न्यू चंडीगढ़ के महाराजा यादविंदर सिंह इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में आज शाम साढ़े 7 बजे से सनराइजर्स हैदराबाद और राजस्थान रॉयल्स के बीच आईपीएल 2026 का एलिमिनेटर मुकाबला खेला जाएगा। इसके लिए दोनों टीमें पहले ही मोहाली पहुंच चुकी हैं। मंगलवार देर शाम दोनों टीमों ने प्रैक्टिस भी की। 2026 में दोनों टीमें 2 मैचों में आमने-सामने हुई हैं।