आम आदमी पार्टी के नेता भगवंत मान बुधवार 16 मार्च को पंजाब के नए मुख्यमंत्री पद की शपथ ले रहें हैं। इस समारोह के लिए बड़े पैमाने पर इंतजाम किए गए हैं। यह समारोह स्वतंत्रता सेनानी भगत सिंह के पैतृक गांव शहीद भगत सिंह नगर जिले के खटकर कलां गांव में हो रहा है। जानकारी के अनुसार, पंजाब कैबिनेट में मुख्यमंत्री भगवंत मान समेत 18 मंत्री होंगे। शपथ ग्रहण समारोह में दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल समेत पार्टी के अन्य वरिष्ट नेता भी शामिल हों चुकें है। इस शपथ ग्रहण समारोह में सभी ने भगत सिंह की तरह ही पीली पगड़ी पहनी हुई है। 

 

जानिए शपथ के लिए क्यों चुनी गई 16 तारीख :

इस बीच लोगों के मन में यह सवाल है कि 16 मार्च को ही शपथ लेने का दिन क्यों चुना गया.! कहा जा रहा है कि भगवंत मान के लिए 16 तारीख़ काफी लाभदायक हैं और इसलिए वह इस दिन शपथ ले रहे हैं। वह इस अंक को अपने लिए भाग्यशाली मानते हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, मान की पहली कैसेट 16 मई 1992 को रिलीज हुई थी। इसके अलावा उनकी कॉमेडी कैसेट 'कुल्फी गरम-गरम' इसी साल 16 दिसंबर (1992) को रिलीज हुई थी। जिससे उन्हें काफी सफलता मिली थी।

 

इस अंक की कड़ी को भगवंत मान के राजनीतिक जीवन से जोड़ा जाए तो ज्ञात होता है कि 16 मई 2014 को वे पहली बार संगरूर सीट से लोकसभा सदस्य चुने गए थे। 16वीं लोकसभा के चुनाव में यह उनकी पहली चुनावी जीत थी। ऐसा ही कुछ इस बार भी हुआ है। भगवंत मान 16वीं विधानसभा के लिए मुख्यमंत्री के चेहरे के रूप में चुनाव लड़ रहे थे। इस विधानसभा चुनावों में आप ने 117 सदस्यीय पंजाब विधानसभा में 92 सीटें जीती है। मान ने धुरी विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस उम्मीदवार दलवीर सिंह गोल्डी को 58,206 मतों से हराया है।

शपथ ग्रहण समारोह की कुछ मुख्य बातें :

अधिकारियों ने जानकारी देते हुए कहा कि आज शपथ ग्रहण समारोह में तीन लाख से ज्यादा लोग शामिल हुए हैं। पंजाब के मुख्यमंत्री के तौर पर शपथ ले रहें भगवंत मान ने पूरे राज्य के लोगों को शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने का न्योता दिया था। समारोह के लिए कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई है और कार्यक्रम के दौरान पुलिस महानिरीक्षक और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सहित वरिष्ठ अधिकारियों को तैनात किया गया है।