आम आदमी पार्टी के नेता भगवंत मान बुधवार 16 मार्च को पंजाब के नए मुख्यमंत्री पद की शपथ ले रहें हैं। इस समारोह के लिए बड़े पैमाने पर इंतजाम किए गए हैं। यह समारोह स्वतंत्रता सेनानी भगत सिंह के पैतृक गांव शहीद भगत सिंह (एसबीएस) नगर जिले के खटकर कलां गांव में हो रहा है। जानकारी के अनुसार, पंजाब कैबिनेट में मुख्यमंत्री समेत 18 मंत्री हो सकते हैं। शपथ ग्रहण समारोह में दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और पार्टी के अन्य नेता भी शामिल होंगे।
आज पंजाब के लिए बहुत बड़ा दिन है। नई उम्मीद की इस सुनहरी सुबह में आज पूरा पंजाब इकठ्ठा होकर एक खुशहाल पंजाब बनाने की शपथ लेगा।
— Arvind Kejriwal (@ArvindKejriwal) March 16, 2022
उस ऐतिहासिक पल का साक्षी बनने के लिए मैं भी शहीद भगत सिंह के पैतृक गाँव खटकड़ कलाँ के लिए रवाना हो गया हूँ।
इस बीच लोगों के मन में यह सवाल है कि 16 मार्च को ही शपथ लेने का दिन क्यों चुना गया.! कहा जा रहा है कि भगवान मान के लिए 16 तारीख़ लकी हैं और इसलिए वह इस दिन शपथ ले रहे हैं। वह इस अंक को अपने लिए भाग्यशाली मानते हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, मान की पहली कैसेट 'गोबी दीया कच्छी व्यारने आई' 16 मई 1992 को रिलीज हुई थी। इसके अलावा उनकी कॉमेडी कैसेट 'कुल्फी गरम-गरम' इसी साल 16 दिसंबर (1992) को रिलीज हुई थी। जिससे उन्हें काफी सफलता मिली थी।
राजनीतिक जीवन में भी 16 अंक भाग्यशाली :
इस अंक की कड़ी को भगवंत मान के राजनीतिक जीवन से जोड़ा जाए तो ज्ञात होता है कि 16 मई 2014 को वे पहली बार संगरूर सीट से लोकसभा सदस्य चुने गए थे। 16वीं लोकसभा के चुनाव में यह उनकी पहली चुनावी जीत थी। ऐसा ही कुछ इस बार भी हुआ है। भगवंत मान 16वीं विधानसभा के लिए मुख्यमंत्री के चेहरे के रूप में चुनाव लड़ रहे थे। उनकी पार्टी ने जनमत सर्वेक्षणों से उम्मीद से भी अच्छा प्रदर्शन किया, जिसमें उन्हें 92 सीटों के साथ बहुमत मिला है।
शपथ ग्रहण समारोह में होंगे कई लोग शामिल :
अधिकारियों का अनुमान है कि आज शपथ ग्रहण समारोह में तीन लाख से ज्यादा लोग शामिल हो सकते हैं। पंजाब के मुख्यमंत्री के तौर पर शपथ लेने जा रहे भगवान मान ने राज्य के लोगों को शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने का न्योता दिया है। समारोह के लिए कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई है और कार्यक्रम के दौरान पुलिस महानिरीक्षक और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सहित वरिष्ठ अधिकारियों को तैनात किया गया है।