एक दिन के विराम के बाद भारत जोड़ो यात्रा उज्जैन जिले की सीमा से आगे बढ़ गई है। इस सफर में राहुल गांधी के साथ एक्ट्रेस स्वरा भास्कर भी शामिल हुईं। उन्होंने राहुल गांधी से काफी देर तक बात की। राहुल के साथ गई टीम यात्रा में शामिल आम लोगों को भी उनसे मिलाने ला रही थी। यात्रा में विधायक जीतू पटवारी, पूर्व मंत्री पीसी शर्मा भी शामिल हुए।
सुबह हल्की-हल्की ठंड के बावजूद भी राहुल गांधी बिना गर्म कपड़ों के सफेद टी-शर्ट और काली पैंट पहनकर ही यात्रा पर निकले। उनके साथ दिग्विजय सिंह भी चल रहे थे। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता जयराम रमेश सेवा दल के दल के साथ यात्रा का नेतृत्व कर रहे थे। उज्जैन के स्थानीय नेता भी बारी-बारी से राहुल के साथ गए। राहुल नेताओं से मालवा क्षेत्र की भी जानकारी ले रहे थे।
गुरुवार को यात्रा का 83वां दिन है। अब तक भारत जोड़ो यात्रा 36 जिलों से होकर गुजरी है। अब श्रीनगर पहुंचने के लिए 1209 किमी की दूरी तय करनी बाकी है। यात्रा ने 23 नवंबर को मध्य प्रदेश में प्रवेश किया। गुरुवार को प्रदेश में यात्रा का नौवां दिन है। यात्रा 4 दिसंबर को आगर मालवा से राजस्थान सीमा में प्रवेश करेगी। आठवें दिन यात्रा ने उज्जैन में विराम लिया था। राहुल गांधी ने उज्जैन में एक बड़ी जनसभा को संबोधित किया। राहुल ने महाकाल मंदिर जाकर पूजा-अर्चना भी की थी।