राहुल गांधी की भारत जोड़ी यात्रा के मध्यप्रदेश में प्रवेश से पहले ही कांग्रेस में बवाल शुरू हो गया। यात्रा की तैयारियों को लेकर शुक्रवार को ग्वालियर में बुलाई बैठक में कांग्रेस जन आपस में ही भिड़ गए। बात यहाँ तक बिगड़ी कि बैठक में बंदूकें तक निकल आईं । 

ग्वालियर में यात्रा प्रभारी योगेंद्र तोमर जिले के मंडल अध्यक्षों से बात कर रहे थे तभी कांग्रेस जिलाध्यक्ष देवेंद्र शर्मा ने किसी बिंदु पर उनका विरोध किया। इसके बाद योगेंद्र उनसे भिड़ गए और समर्थकों से बंदूकें बाहर निकालने को कहा। सभागार में नीचे से दो युवक बंदूक लेकर आए। जिससे यहां पर जबरदस्त बवाल हो गया। 

हालांकि वरिष्ठ नेताओं ने स्थिति को संभाला। इस मामले की शिकायत भोपाल और दिल्ली तक भी की जा चुकी है। इसी सिलसिले में जिला प्रभारी महेंद्र सिंह शनिवार को भोपाल से निरीक्षण के लिए ग्वालियर पहुंच रहे हैं। उन्होंने पुष्टि की है कि इस मामले में शिकायत मिली है।

राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा नवंबर के अंत तक मध्य प्रदेश पहुंचने की संभावना है। पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ भी इस यात्रा के जरिए मध्य प्रदेश में कांग्रेस को सत्ता में लाने की पूरी कोशिश कर रहे हैं। इस यात्रा के दौरान प्रियंका गांधी भी एमपी आ सकती हैं। इसकी पूरी योजना पीसीसी में तैयार की जा रही है। प्रत्येक जिले में एक यात्रा प्रभारी बनाया गया है। योगेंद्र सिंह ग्वालियर के यात्रा प्रभारी हैं।