भोपाल। परवलिया सड़क थाना क्षेत्र स्थित मामा ढाबा के पास झिरनिया गांव में तेज रफ्तार आई-10 कार की टक्कर से बुजुर्ग चौकीदार की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि बाइक पर बैठा उनका परिचित गंभीर रूप से घायल हुआ था। घायल का रॉयल मार्केट स्थित निजी अस्पताल में इलाज चल रहा था, वहां एक सप्ताह बाद शुक्रवार को उसने भी दम तोड़ दिया। पुलिस ने आई टेन कार उसी समय बरामद कर ली थी। अब पुलिस ने कार चालक पर मामला दर्ज कर लिया है।

एएसआई हेमंत सिंह ने बताया कि नर्मदा प्रसाद अहिरवार (60) गांव दौराहा परवलिया सड़क पर रहते थे और गांव में चौकीदारी करते थे। गुरुवार 31 मार्च रूपसिंह अहिरवार (35) के साथ पुरा छिंदवाड़ा रिश्तेदारी में गए थे। रात करीब साढ़े 8

बजे के आसपास दोनों बाइक से अपने गांव लौट रहे थे। बाइक नर्मदा प्रसाद चला रहे थे। मामा ढाबा के पास पहुंचते ही उनकी बाइक को आई-10 कार ने टक्कर मार दी। टक्कर मारने के बाद कार डिवाइडर पर चढ़ गई थी। इस हादसे के बाद दोनों घायलों को हमीदिया अस्पताल ले 

जाया गया, वहां डॉक्टर ने नर्मदा प्रसाद को मृत घोषित कर दिया, जबकि बाइक पर पीछे बैठे रूप सिंह अहिरवार पिता नाथूराम अहिरवार (35) का इलाज चल रहा था। उसके दोनों पैर में गंभीर चोट है। साथ ही सिर और शरीर में अंदरूनी चोट आई।