MP News: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव गुरुवार 11 जुलाई को भोपाल में 'एक पेड़ मां के नाम' अभियान में शामिल हुए। कार्यक्रम का आयोजन विशेष सशस्त्र बल की 23वीं और 25वीं वाहिनी द्वारा किया गया था। उन्होंने रूद्राक्ष के पौधे रोपकर राज्य स्तरीय कार्यक्रम का शुभारंभ किया। 

कार्यक्रम के साथ ही पूरे प्रदेश की पुलिस इकाइयों में एक साथ 1 लाख 25 हजार पौधे लगाये गये। कार्यक्रम स्थल पर मुख्यमंत्री मोहन यादव का पुलिस बैंड द्वारा स्वागत किया गया। मुख्यमंत्री का सम्मान भी किया गया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि पर्यावरण दिवस के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा शुरू किया गया एक पेड़ मां के नाम अभियान पूरे देश में जन अभियान का रूप ले चुका है। राज्य में भी 5 करोड़ 51 लाख पौधे लगाने का लक्ष्य है। 

सीएम मोहन यादव ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण के प्रति सामाजिक जागरूकता लाने का प्रयास है। उन्होंने कहा कि वृक्षारोपण को मध्य प्रदेश पुलिस की प्राथमिकता में शामिल करना पुलिस की संवेदनशीलता को दर्शाता है।

उन्होंने पुलिस परिवार की भूरि-भूरि प्रशंसा की। मुखिया मोहन यादव ने कहा कि जवानों के साथ-साथ उनके परिवार भी पौधे लगाने की जिम्मेदारी उठा रहे हैं। मुख्यमंत्री ने नक्सल विरोधी अभियान में पुलिस की कार्रवाई और रणनीति की सराहना की। उन्होंने पुलिस की पीठ थपथपाते हुए कहा कि पूरे प्रदेश में कानून-व्यवस्था बनाये रखने की जिम्मेदारी बखूबी निभाई जा रही है।