भोपाल नगर निगम व बिजली कंपनी के बीच एक बार फिर ठन गई है। बिजली कंपनी ने सोमवार शाम को शहर के कई इलाकों में निगम के बिजली कनेक्शन काट दिए। इसमें स्ट्रीट लाइट व सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट के कनेक्शन भी शामिल थे। इसकी वजह से कोहेफिजा, अशोका गार्डन, नेहरू नगर, भदभदा, हमीदिया रोड, बैरागढ़ रोड क्षेत्र की सड़कों की बिजली बंद हो गई। ये सड़कें पूरी रात अंधेरे में रही। यहां से गुजरने वाले राहगीरों को भय का सामना करना पड़ा।

अंधेरे का फायदा उठाकर कुछ राहगीरों से तो अभद्रता की शिकायतें भी सामने आई हैं। उधर सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट की बिजली बंद करने के कारण शहर का गंदा पानी बड़े तालाब समेत अन्य तालाबों व नालों में सीधा मिल रहा है। जिसकी वजह से जल प्रदूषण का खतरा और बढ़ गया है। बड़े तालाब के पानी की गुणवत्ता के और बिगड़ने का खतरा बढ़ा है। बड़ी बात यह है कि निगम ने दो महीने में 120 करोड़ रुपये चुकाने का दावे किए है तब भी बिजली कंपनी ने महज 30 करोड़ रुपये का बकाया होने को आधार बनाकर बिजली बंद कर दी थी जो दूसरे दिन मंगलवार दोपहर तक बहाल नहीं की है। वहीं बिजली कंपनी के अधिकारियों का कहना है कि नगर के उपर लंबे समय से राशि बकाया है जो बढ़ रही है। लगातार नोटिस दिए गए थे लेकिन जवाब नहीं मिलने के कारण कार्रवाई की है।

वाटर फिल्टर प्लांट की बिजली भी काटेंगे

बिजली कंपनी के अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि मंगलवार शाम तक बिजली की राशि जमा नहीं की तो वाटर फिल्टर प्लांटों की बिजली भी काट दी जाएगी। इस चेतावनी के अनुरूप यदि फिल्टर प्लांटों की बिजली काट गई तो शहर में पानी सप्लाई को लेकर हाहाकार मच जाएगा। पीने के पानी के लिए आम जनता परेशान हो जाएगी। हालांकि बिजली कंपनी फिल्टर प्लांट की बिजली काट दे, यह आसान नहीं है क्योंकि आम जनता पानी की आपूर्ति के लिए परेशान हो जाएगी। वैसे ही अभी गर्मी का समय है और पानी की ज्यादा जरूरत है।

बिजली कंपनी ने इन हिस्सों की बिजली भी काटी

बिजली कंपनी के अधिकारियों का कहना है कि उन्होंने सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट व स्ट्रीट लाइटनों को ही बंद किया था लेकिन हकीकत यह थी कि कंपनी ने निगम के कई दफ्तरों की भी बिजली आपूर्ति बंद कर दी थी। जिसकी वजह से मंगलवार जब दफ्तर खुले तो काम अटक गए। कर्मचारियों को दो से तीन घंटे तक बाहर इंतजार करना पड़ा तब जाकर दफ्तरों में बिजली बहाल हुई और कामकाज शुरू हुआ है। ऐसे दफ्तरों में पुराने भोपाल के जोनल कार्यालय शामिल है।